जांजगीर-चांपा. राष्ट्रीय शौर्य पुरस्कार के लिए जिले के वीर बालक-बालिकाएं आगामी 31 अगस्त तक निर्धारित आवेदन पत्र में नामांकन कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जांजगीर-चांपा में दाखिल कर सकते हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में वीर बालक-बालिकाओं को वर्ष 2017 के लिए राष्ट्रीय शौर्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इस पुरस्कार के लिए जिले के बालक-बालिकाओं से भी आवेदन आमंत्रित किया गया है। यह पुरस्कार उन बालक-बालिकाओं के लिए है, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरे की जान बचाने के लिए वीरतापूर्ण कार्य किया हो। पुरस्कार के लिए आवेदक बालक या बालिका की उम्र घटना दिनांक को कम से कम 6 वर्ष एवं अधिकतम 18 वर्ष होना चाहिए। शौर्य कार्य की अवधि एक जुलाई 2016 से 30 जून 2017 के मध्य होनी चाहिए। आवश्यक कागजात में एफआईआर अथवा पुलिस डायरी, इस विषय में प्रकाशित समाचार पत्रों की कतरनें, सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित दो पासपोर्ट साइज के वर्तमान फोटोग्राफ एवं चार अतिरिक्त पासपोर्ट साइज की फोटो, सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित घटना का विस्तृत प्रतिवेदन के साथ निर्धारित प्रपत्र में तीन प्रतियों में आवेदन के साथ नामांकन दाखिल करना होगा। इच्छुक अर्हताधारी आवेदक निर्धारित आवेदन प्रारूप जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय जांजगीर-चांपा से प्राप्त कर सकते हैं। समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें