राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में बीते 9 अक्टूबर को आयोजित बोनस तिहार कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने एक क्लिक में जिले के सवा लाख किसानों के बैंक खातों में 211 करोड़ रुपए का बोनस जमा होने का दावा किया था, लेकिन उनका यह दावा झूठा साबित हुआ है, यह हम नहीं कह रहे, बल्कि सरकार की कार्यप्रणाली स्वयं बयां कर रही है। यदि जिले के सभी किसानों के बैंक खातों में बोनस की संपूर्ण राशि जमा हो गई है तो अलग-अलग स्थानों पर फिर से बोनस तिहार कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। यह बड़ा सवाल है।
![]() |
| ठठारी में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते अफसर |
दरअसल, जिले के जैजैपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम ठठारी में 13 अक्टूबर शुक्रवार को बोनस तिहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ एवं परिवार कल्याण मंत्री अजय चंद्राकार मुख्य अतिथि बतौर शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जोरशोर से तैयारियां की जा रही है। गुरूवार को कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन और पुलिस अधीक्षक अजय यादव जैजैपुर विकासखण्ड के ग्राम ठठारी पहुंचे थे। यहां उन्होंने 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाले बोनस तिहार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था तथा कार्यक्रम स्थल में किसानों के प्रवेश की व्यवस्था आदि के बारे में अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, चांपा एसडीएम चांपा यूके उर्वशा और सक्ती एसडीएम इन्द्रजीत बर्मन भी उपस्थित थे। यहां बताना लाजिमी होगा कि चार दिन पहले ही 9 अक्टूबर को जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में बोनस तिहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद कमला पाटले सहित सत्तापक्ष के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. सिंह ने जिले के एक लाख 26 हजार किसानों के बैंक खातों में 211 करोड़ रुपए के बोनस की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की। इस दौरान सीएम डॉ. सिंह ने दावा किया था कि बोनस की राशि सभी किसानों के खातों में पहुंच गई है। वे बैंकों में जाकर खातों से बोनस की राशि आहरित कर सकते हैं।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि सभी किसानों के बैंक खातों में बोनस की राशि जमा हो गई है तो जैजैपुर विकासखंड के ग्राम ठठारी में 13 अक्टूबर को फिर से बोनस तिहार कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता आखिर क्यों है? इस कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री चंद्राकर यदि फिर से उन्हीं प्रक्रियाओं को दोहराते हैं तो जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में चार दिन पहले प्रदेश के सीएम डॉ. सिंह द्वारा किया गया दावा झूठा साबित होगा। खैर, इस कार्यक्रम का उद्देश्य कुछ भी हो, लेकिन जिले में बार-बार बोनस तिहार कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर राज्य सरकार सवालों के घेरे में जरूर आ गई है। वहीं राजनीति के जानकारों की मानें तो राज्य सरकार बोनस तिहार कार्यक्रम की आड़ में मतदाताओं को अभी से साधने में जुट गई है। बहरहाल, बोनस तिहार कार्यक्रम में भीड़ बढ़ाकर यह साबित किया जा रहा है कि प्रदेश की जनता, खासकर किसान राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली और योजनाओं से पूरी तरह संतुष्ट हैं। इसके अलावा विपक्ष को यह भी संदेश दिया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में चौथीं बार भाजपा की ही सरकार बनेगी। इसीलिए जगह-जगह बोनस तिहार कार्यक्रम आयोजित कर अपनी लोकप्रियता बढ़ाने राज्य सरकार पूरी ताकत झोंक रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें