बलौदा. शराब के नशे में धुत्त एक प्राचार्य ने अपने ही स्कूल में पदस्थ विज्ञान शिक्षक की जमकर की धुनाई कर दी। पीडि़त शिक्षक ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढोरला के प्राचार्य एचएल कुसरो बुधवार को अपने अधीनस्थ विज्ञान विषय के सहायक शिक्षक रनप्रताप सिंह उईके को बाइक में अपने साथ बिर्रा लेकर गए। वहां दोनों ने छककर शराब पी।
शाम को वहां से वापस बलौदा आते समय रास्ते में भी इन्होंने शराब का सेवन किया। दोनों पूरी तरह टुन्न होकर शाम सात बजे के आसपास बलौदा पहुंचे। बलौदा में ये लोग कोरबा रोड स्थित एक दुकान के पास रूके। इस दौरान प्राचार्य वहां मौजूद एक परिचित से बात करने लगे, तभी शिक्षक रनप्रताप बाइक को लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद प्राचार्य अपनी बाइक से शिक्षक को खोजने लगे। इधर-उधर काफी खोजने के बाद शिक्षक रन प्रताप उन्हें चंद कदम की दूरी पर ही मिल गया, तब गुस्से से आगबबूला प्राचार्य एचएल उईके ने शिक्षक रन प्रताप की जमकर धुनाई कर दी। पीडि़त शिक्षक के मुताबिक प्राचार्य ने उसे बेसुध होते तक पीटा तथा कपड़े फाड़ दिए। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा। दूसरे दिन गुरूवार को उसने बलौदा थाना पहुंचकर इसकी सूचना दी। सूचना के बाद स्कूल के सारे शिक्षक भी थाना पहुंच गए। थाने में मौजूद एसआई पीआर पैकरा ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। पूछताछ में प्राचार्य एचएल कुसरो ने मारपीट के आरोपों से साफ इंकार किया, लेकिन शराब पीने की बात को स्वीकार की। दोनों का बयान लेने के बाद पुलिस ने प्रार्थी को डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए भेजा तथा मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें