शनिवार, 1 अप्रैल 2017

मनमाने तरीके से की सेल्समैन व अन्य पदों पर नियुक्ति

भर्ती प्रक्रिया नियमानुसार नहीं होने से आवेदकों में आक्रोश

 

जांजगीर-चांपा. राज्य सरकार के निर्णय अनुसार एक अप्रैल से जिले के 76 दुकानों का संचालन आबकारी विभाग द्वारा प्लेसमेंट कर्मियों के माध्यम से किया जा रहा है। प्लेसमेंट कंपनी प्राइम वन ने आवेदन फार्मों की बिना छंटनी किए मनमाने तरीके से कर्मचारियों का चयन किया है। 

बिना चयन सूची जारी किए कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी हो गया। कंपनी ने आबकारी विभाग को अपने ढंग से कर्मचारियों की सूची सौंप दी। इससे बेरोजगारों में आक्रोश है। उल्लेखनीय है कि जिले में शराब दुकान के संचालन के लिए प्राइम वन कंपनी द्वारा प्लेसमेंट कर्मियों की नियुक्ति के लिए 27 से 29 मार्च की दोपहर 2 बजे तक फार्म लिया गया था। जिले से लगभग 5 हजार आवेदकों ने इसमें आवेदन किया, लेकिन फार्म  की बिना स्कृटनी किए मनमाने ढंग से नियुक्ति कर दी गई। यहां तक नियुक्ति की सूची भी जारी नहीं की गई है। 

ऐसे में तपती धूप में लाइन लगाकर आवेदन देने वाले बेरोजगारों के साथ भारी छलावा हुआ है, जबकि प्राइम वन कंपनी के आवेदन लेने पहुंचे एस यादव ने शुरू दिन ही कहा था कि फार्म की जांच के लिए शासकीय कमेटी बनेगी, जिसमें कलेक्टर का भी एक प्रतिनिधि होगा। मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ और चयनित सेल्समैन, सुपरवाइजर और मल्टीपरपज वर्कर की सूची कंपनी ने आबकारी विभाग को दी और उनका प्रशिक्षण भी जिला पंचायत में हो गया तो हजारों बेरोजगार ठगा महसूस कर रहे हैं। इस भर्ती में जमकर अनियमितता बरती गई है और भोपाल मध्यप्रदेश की प्लेसमेंट कंपनी ने अपने ढंग से भर्ती कर ली है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें