चांपा. बायोडाटा लेकर घूमने वाले नेताओं को टिकट नहीं मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं की पसंद के उम्मीदवार को मौका दिया जाएगा। इसलिए रायपुर व दिल्ली की दौड़ लगाना व्यर्थ होगा। मैदानी स्तर पर काम करने वाले युवाओं व महिलाओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता दी जाएगी।
ये बातें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने रविवार को चांपा के देवांगन धर्मशाला में आयोजित विधानसभा स्तरीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष बघेल ने साफ तौर पर कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। इस बार उसी व्यक्ति को टिकट मिलेगी, जो पार्टी के प्रति समर्पित और निष्ठावान होगा। टिकट वितरण में इस बार किसी तरह की सिफारिश नहीं चलेगी। प्रदेशाध्यक्ष बघेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा सरकार की चाल, चलन व चेहरा अब उजागर हो चुकी है। इससे आमजनता को अब अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चयन में कार्यकर्ताओं की पसंद बेहद जरूरी है, क्योंकि कार्यकर्ता के पसंद का उम्मीदवार नहीं होता तो वह पार्टी हित में काम करना बंद कर देता है। पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि हमारी पार्टी समाज के सबसे गरीब और कमजोर आदमी की भलाई और सामाजिक न्याय का आधार रही है। आजादी और बुनियादी मानव अधिकारों के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं। पार्टी की धर्म निरपेक्षता और तमाम धर्मों की समानता में अटूट विश्वास है। ऐसे आर्थिक विकास के लिए समर्पित हैं, जिसका फायदा समाज के हर तबके तक पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अतीत याद करके गर्व होता है। वर्तमान को देखकर संतोष और भविष्य के हमारे अपने सपने हैं। कांग्रेस की नई पीढ़ी हमेशा उन सपनों को साकार करती है। विश्वास है कि युवा सहयोगी भी इस कसौटी पर जरूर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ लेवल तक पहुंचे और कांग्रेस के पूर्व में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। प्रशिक्षण शिविर को विधायक चुन्नीलाल साहू सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। शिविर में उपस्थित सभी नेताओं ने अपने विचारों से कार्यकताओं का मनोबल बढ़ाया। इसके पहले कार्यक्रम के प्रारंभ में सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्र्यापण करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। जिले के छहों विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकताओं को शिविर में प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मंजू सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकर्ता कहेंगे तभी लडूंगा चुनाव-भूपेश
पत्रकारों से चर्चा करते हुए पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने सीधे तौर पर तो नहीं कहा कि वे चुनाव लड़ेंगे, लेकिन कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुरूप निर्णय लेने की बात कहकर चुनाव लडऩे का इच्छुक होने का संकेत दिया। उनका कहना था कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी बड़ी जिम्मेदारी है और इस वजह से उनकी व्यवस्था अधिक है। बावजूद इसके वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक नेतृत्व से छत्तीसगढ़़ में चुनाव लड़ा जाएगा। बाद में विधायक दल अपना नेता चुनेंगे, कांग्रेस की यही परिपाटी रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसी एक चेहरे को सीएम के रूप में सामने नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बस्तर से लेकर पूरे राज्य में प्रशासनिक आतंकवाद का दौर चल रहा है। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि पिछली बार 0.72 फीसदी मतों से हम चुनाव में पीछे रहे। इसका ठीकरा उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का नाम लिए बिना उनके सिर पर फोड़ा। इशारे-इशारे में उन्होंने कहा कि अब लोग पार्टी से बाहर हैं, इसलिए इस तरह की नौबत नहीं आएगी। हरियाणा में राम रहीम के समर्थकों की गुंडागर्दी पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा कि वहां खट्टर नहीं, खटारा सरकार चल रही है। बघेल ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा उजागर हो चुका है। रहा सवाल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का तो उनसे जनता का ही नहीं, बल्कि उनकी अपनी पार्टी के नेता भी अब उन पर विश्वास नहीं कर रहे। बघेल ने कहा कि पिछले दिनों कोरबा में हुई भाजपा की कार्यसमिति की बैठक के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय अविश्वास जता चुकी हैं।
बूथ लेवल पर कार्य करने पर ज्यादा जोर
प्रशिक्षण शिविर में बूथ लेवल पर कार्य करने पर ज्यादा जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि बूथ स्तर पर संगठन को जाकर जोर देना होगा। हर बड़े नेता की बूथ स्तर पर नियुक्ति होगी। पीसीसी में कमेटी व सूची बन चुकी है। इसी तरह सेक्टर, जोन, ब्लॉक तथा विधानसभा स्तर पर भी कमेटी बनाई जा रही है, ताकि कार्यकर्ताओं को रिचार्ज कर पार्टी की पहुंंच आमजनों तक बन सके।
समाज और देश को पार्टी की जरूरत-उरांव
शिविर में मुख्य रूप से उपस्थित अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव अजय उरांव ने कहा कि आज के हालात में हमारे देश और समाज को कांग्रेस पार्टी की जितनी जरूरत है उतनी शायद पहले कभी नहीं रही। मेरा मानना है कि कांग्रेस मजबूत होगी तो भारत मजबूत होगा।
विकास और भावनाएं जीत का मूलमंत्र-पटेल
मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कमलेश्वर पटेल ने अपने उद्बोधन कहा कि कोई भी चुनाव क्षेत्र के विकास तथा भावनाओं के सहारे जीता जाता है। इसके लिए गांव-गांव तक जाकर बूथ स्तर पर कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा को पहुंचाना होगा। बूथ स्तर पर युवाओं को प्रशिक्षण कराने सतत प्रयास करने होंगे।
रमन नहीं, यह हत्यारी सरकार-करूणा
कई दशकों तक भाजपा में रही करूणा शुक्ला ने भाजपा के खिलाफ जमकर आग उगला। गायों की मौत व इससे पहले नसबंदी तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन के दौरान हुई मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रमन नहीं, यह हत्यारी सरकार है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर किए जाने वाली तैयारी तथा कांग्रेस के इतिहास, कांग्रेस की रीति-नीति, कांग्रेस के सिद्धांत एवं कांग्रेस की विचारधारा के विषय में विस्तार से बताया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें