रविवार, 27 अगस्त 2017

अब सीधे बैंक खाते में आएगी जननी सुरक्षा योजना की राशि, जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करने संस्थागत प्रसव पर जोर

जांजगीर-चांपा. जननी सुरक्षा योजना की राशि का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से ही किया जा सकेगा। प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने गर्भवती को प्रथम तिमाही में पंजीयन के साथ बैंक में अपना खाता खुलवाना होगा, जिसके लिए मितानिन की मदद भी ली जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करने शासन संस्थागत प्रसव पर जोर दे रही है। इस ओर खासकर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को प्रोत्साहित करने जननी सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है। प्रसव के लिए शासन की ओर प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। योजना की राशि हितग्राही को प्रदान करने में एक नई शर्त लागू की गई है। ज्ञात हो कि जननी सुरक्षा योजना के तहत वर्तमान व्यवस्था में हितग्राही महिला को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान चेक के माध्यम से किया जाता है। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए बैंक खाते के जरिए भुगतान किया जाएगा, जबकि इसके लिए अब तक प्रचलित चेक से भुगतान की परंपरा अब बंद की जा रही है। इस योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का लाभ लेने वाले हितग्राही महिला को अस्पताल प्रबंधन की ओर से सीधे उसके बताए बैंक खाते में जारी कर दी जाएगी। पूर्व में शासन इस राशि का भुगतान चेक से करता रहा है, जिस पर अब रोक लगाई जा रही है। प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने गर्भवती को प्रथम तिमाही में पंजीयन के साथ बैंक में अपना खाता खुलवाना होगा, जिसके लिए मितानिन की मदद भी ली जा सकती है। योजना का लाभ प्राप्त करने अस्पताल प्रबंधन को जननी सुरक्षा योजना के वाउचर फॉर्म के साथ बैंक पासबुक, आधार कार्ड की छायाप्रति व मोबाइल नंबर हितग्राही से जमा करना होगा।


डीबीटी के रूप में किया जाएगा भुगतान

हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने शासन ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के रूप में उनके बैंक खाते में जमा कराई जाएगी। सबसे पहले हितग्राही महिला को प्रथम तिमाही में पंजीयन कराना होगा। अगर बैंक में खाता नहीं है तो खाता खुलवाना होगा। आपसी समन्वय अथवा संबंधित क्षेत्र की मितानिनों की सहायता ली जा सकेगी। खाता खुलवाने के बाद हितग्राही को अपना अधिकृत मोबाइल नंबर, बैंक खाते का पासबुक, आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ जननी सुरक्षा योजना का वाउचर भरकर अस्पताल में प्रस्तुत करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी करने पर ही योजना के तहत राशि का भुगतान सीधे उनके बताए बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।


चेक में गड़बड़ी सुधारने चक्कर से मुक्ति

डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के रूप में जननी सुरक्षा योजना की प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में जमा होने के कई लाभ हैं, जो हितग्राहियों को कई प्रकार की मुसीबत से बचाएंगे। अब तक प्रचलित व्यवस्था के तहत चेक से प्रोत्साहन राशि का भुगतान प्रणाली में नाम सुधरवाने या अन्य त्रुटि पर अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते हैं। सीधे खाते में राशि जमा होने से यह परेशानी पेश नहीं आएगी। हितग्राहियों के साथ अस्पताल प्रबंधन का भी वक्त बचेगा और खास बात यह है कि योजना की राशि प्राप्त करने उन्हें बैंक में कतार लगाने की भी जरूरत नहीं होगी। शासन की ओर से खासतौर पर जननी सुरक्षा योजना के हितग्राही को बैंक में बिना कतार सीधे भुगतान की सुविधा प्राप्त होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें