जांजगीर-चांपा. रविवार को मेगा ब्लॉक की वजह से रायपुर से बिलासपुर के बीच चल रही कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। उरकुरा-दाधापारा के बीच पटरियों पर मरम्मत का कार्य चलने की वजह से एक दिन का ब्लॉक लिया गया। कार्य के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर रायपुर-गेवरारोड पैसेंजर को रायपुर व बिलासपुर के बीच रविवार को रद्द किया गया था। उधर हरियाणा और पंजाब में बाबा राम-रहीम के समर्थकों के आंदोलन के असर से सोमवार को बिलासपुर-अमृतसर एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई है।
रेलवे लाइन में मरम्मत कार्य के लिए रायपुर रेल मंडल अंतर्गत उरकुरा व दाधापारा स्टेशनों के बीच तीनों लाइनों पर मेगा ब्लॉक लिया गया। इसके कारण रूट से होकर चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। जिले से गुजरने वाली कई ट्रेनों पर ब्लॉक का असर रहा, जिसमें ट्रेन नंबर 68746 रायपुर-गेवरारोड पैसेंजर भी शामिल था। यह ट्रेन रायपुर एवं बिलासपुर स्टेशन के बीच 27 अगस्त रविवार को नहीं चली। ऐसे यात्री जिन्होंने रविवार की छुट्टी पर यात्रा की योजना बनाई थी, उन्हें निराशा हुई। ट्रेनों का परिचालन स्थगित रहने की वजह से रायपुर से जांजगीर और चांपा यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा। कार्य चलने के कारण संबंधित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय रेलवे ने लिया था। इसकी वजह से इस दिशा में चलने वाली अन्य कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया था। सोमवार से ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर पुन: परिचालन करेंगी।
बिलासपुर-गेवरा भी नहीं चलेगी
हरियाणा और पंजाब में चल रहे आंदोलन के असर से रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित किया है। इसके चलते 25 अगस्त को अमृतसर से छूटने वाली ट्रेन नंबर 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को भी रद्द कर दिया गया था। 28 अगस्त को भी पर्याप्त रैक के अभाव में बिलासपुर से छूटने वाली 18237 बिलासपुर-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी नहीं छूटेगी। इसके अलावा सोमवार को ही बिलासपुर से गेवरा के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 58210.58209 बिलासपुर-गेवरा-बिलासपुर पैसेंजर को भी एक दिन के लिए रद्द कर दिया गया है। ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिए जाने से इन स्टेशनों के यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा।
पिछले सप्ताह भी प्रभावित रहीं ट्रेनें
मेगा ब्लॉक के चलते पिछले सप्ताह भी जिले से होकर चलने वाली दो ट्रेनों का परिचालन प्रभावित किया गया था। शनिवार व रविवार को गेवरा-बिलासपुर-गेवरा मेमू और 19 अगस्त को बिलासपुर-गेवरा-बिलासपुर पैसेंजर रद्द कर दी गई थी। नैला स्टेशन के करीब मड़वा साइडिंग में गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया गया, जिसके लिए रेलवे ने 19 व 20 अगस्त को दो दिन के लिए मेगा ब्लॉक लिया था। इसकी वजह से इन दो ट्रेनों समेत चांपा से बिलासपुर व रायपुर के बीच आने-जाने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। इस तरह बिलासपुर-रायगढ़ सेक्शन में भी तीसरी लाइन का कार्य करने बिलासपुर से रायगढ़ के बीच चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित किया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें