रविवार, 27 अगस्त 2017

तिजहारिनों की घर वापसी हो गई शुरू, यात्री वाहनों में चल रही खचाखच भीड़

जांजगीर-चांपा. तीज पर्व समाप्ति के बाद तिजहारिनों की घर वापसी शुरू हो गई है। बसें और अन्य यात्री वाहनों में खचाखच भीड़ चल रही है। यात्री बसों में भीड़ अधिक होने के कारण तिजहारिनों और अन्य यात्रियों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा रहा है। इससे तिजहारिनों की परेशानी बढ़ गई है। तेज गर्मी व उमस के चलते बसों में यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई है।

शुक्रवार को तीज पर्व मनाया गया। शनिवार को फलाहार कर तिजहारिनों ने उपवास तोड़ा। रविवार को तीज पर्व की समाप्ति हुई। तीन-चार दिनों से तीज पर्व मनाने मायके पहुंची अधिकांश तिजहारिनें रविवार को घर वापसी के लिए निकली। इससे यात्री बसों में भीड़ बढ़ गई। बस स्टैंड में सुबह से शाम तक तिजहारिनों की रेलमपेल मची रही। तेज धूप व भारी उमस से तिजहारिनें परेशान रही। यात्री बसों में तिजहारिनों और बच्चों को निर्धारित सीट से अधिक संख्या में ठूंस-ठूंस कर भरके ले गए। इससे यात्री गतंव्य तक पहुंचने तक परेशान रहे। चिल्हर के नाम पर कुछ यात्री बसों के कंडक्टर तिजहारिनों के रुपए भी गटक गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें