गुरुवार, 2 नवंबर 2017

जलीय जीव मगरमच्छ देख विभोर हुए केवि के छोटे बच्चे, पहली और दूसरी के विद्यार्थियों ने किया शैक्षिक भ्रमण

जांजगीर-चांपा. ग्राम कोटमीसोनार में स्थित क्रोकोडायल पार्क में संरक्षित जलीय जीव मगरमच्छ को देख केन्द्रीय विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे विभोर हो गए। इस विद्यालय के कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण के तहत गुरूवार को मगरमच्छ पार्क का अवलोकन किया।

दरअसल, केन्द्रीय विद्यालय संगठन के निर्देश पर केन्द्रीय विद्यालय जांजगीर के कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को बारी-बारी शैक्षिक भ्रमण करवाया जा रहा है। शैक्षिक भ्रमण के तहत कक्षा पहली और दूसरी के विद्यार्थियों का दल गुरूवार को विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में ग्राम कोटमीसोनार स्थित क्रोकोडायल पार्क पहुंचा। इससे पहले विद्यालय की प्राचार्य संगीता लूथर ने सुबह करीब 9 बजे स्पेशल बसों में विद्यार्थियों को सुरक्षित ढंग से सवार करने के बाद बस को हरी झण्डी दिखाकर शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना किया। ग्राम कोटमीसोनार पहुंचकर छोटे-छोटे बच्चों ने पार्क में संरक्षित मगरमच्छों को करीब से देखा और शिक्षकों से आवश्यक जानकारी भी ली। इसके बाद सभी बच्चों ने पार्क में लगे मनोरंजन संसाधनों का भरपूर आनंद लिया।  इस दौरान बच्चों को चॉकलेट तथा अन्य खाद्य सामग्री भी स्कूल प्रबंधन की ओर से बांटी गई। दिन भर मनोरंजन करने के बाद विद्यार्थियों की टोली शाम करीब चार बजे वापस विद्यालय पहुंची। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को वाहनों से उनके घरों के लिए रवाना किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें