जांजगीर-चाम्पा. केवल खबरें प्रकाशित करना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुडक़र अच्छा काम करना भी ‘दैनिक नवीन कदम’ का उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को लेकर दो नवम्बर गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल का ‘दैनिक नवीन कदम’ ने सम्मान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में गुरूवार को दोपहर 12 बजे आयोजित एक सादे समारोह में ‘दैनिक नवीन कदम’ के प्रधान संपादक श्री नवीन शर्मा की ओर से स्थानीय संपादक राजेन्द्र राठौर ने प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल को पुष्पगुच्छ, कलम और शॉल भेंटकर उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। साथ ही मीडिया के साथ सामंजस्य स्थापित कर भविष्य में बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दी। इस दौरान शुभदा गोयल ने आश्वस्त किया कि वे प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में मीडिया के साथ बेहतर तालमेल बनाकर जनहित से जुड़े कार्यों को सतत करती रहेंगी। प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल ने ‘दैनिक नवीन कदम’ को उज्जवल भविष्य शुभकामनाएं भी दी। साथ ही अपेक्षा भी रखी कि ‘दैनिक नवीन कदम’ सकारात्मक पत्रकारिता करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को सदैव बेबाक ढंग से उठाता रहेगा। इस अवसर पर दैनिक समवेत शिखर के ब्यूरो चीफ लखन लाल चंद्रा, दैनिक नवीन कदम के चांपा प्रतिनिधि राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल, सिटी न्यूज के जिला प्रतिनिधि बिट्टू शर्मा के अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टेनोग्राफर अमरेश श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
तत्कालीन सचिव विभा की भूमिका सराहनीय
कहा जाता है किसी इमारत के खड़े रहने में नींव की अहम् भूमिका होती है, इस कहावत को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्व सचिव तथा न्यायाधीश विभा पाण्डेय ने साबित किया है। आपको बता दें कि कुछ वर्ष पहले जब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पद पर न्यायाधीश विभा पाण्डेय की पदस्थापना हुई, तब उनके सामने कई चुनौतियां थी। चूंकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सचिव के पद पर उनसे पहले किसी महिला अधिकारी की पदस्थापना नहीं हुई थी। ऐसी स्थिति में प्राधिकरण के कामकाज को व्यवस्थित करने उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ी। जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव के सतत् मार्गदर्शन में काम करते हुए उन्होंने बहुत कम समय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को शिखर पर पहुंचाया। खासकर, उन्होंने बाल श्रम प्रतिषेध कानून, पलायन की समस्या, स्कूली विद्यार्थियों में कानूनी ज्ञान सहित अन्य कई ऐसे अहम् विषयों पर जी-जान से काम किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। हमें बताते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि तत्कालीन सचिव विभा पाण्डेय ने न केवल मीडिया के साथ बेहतर तालमेल बनाकर अपना काम किया, बल्कि अपने उत्कृष्ट कार्यों की वजह से आमजनता के बीच अपनी अमिट छाप भी छोड़ी है। इसलिए, इस खुशी के अवसर पर उनकी चर्चा करना महज औपचारिक नहीं, बल्कि हम सभी के लिए गौरव की बात है।सचिव शुभदा को इसलिए किया गया सम्मानित
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सितम्बर 2017 तक किए गए कार्यों का परिणाम रहा है कि छग राज्यविधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उत्कृष्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रूप में चयनित होने का गौरव प्रदान किया गया है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के कार्यपालक अध्यक्ष द्वारा राज्य के जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा किए गए कार्यों का मूल्यांकन करने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के उत्कृष्ट जिले के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चाम्पा को चयनित किया गया है। उत्कृष्ट जिले की हैसियत से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव एवं प्राधिकरण सचिव शुभदा गोयल नई दिल्ली में आगामी 9 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के प्रशस्ति समारोह में शामिल होने जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें