जांजगीर-चांपा. ‘लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती’ कवि हरिवंशराय बच्चन की इन पंक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव तथा प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल ने चरितार्थ कर दिखाया है। प्राधिकरण के अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में सचिव शुभदा गोयल ने बेहतर ढंग से काम करते हुए बहुत कम समय में ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पूरे प्रदेश में प्रथम पंक्ति पर ला खड़ा किया है। यही वजह है कि छग राज्य का उत्कृष्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का खिताब जांजगीर-चांपा को मिलने जा रहा है। इस खुशी में ‘दैनिक नवीन कदम’ भी सहभागी बनने जा रहा है। सामाजिक सरोकारों के तहत ‘दैनिक नवीन कदम’ परिवार द्वारा दो नवंबर को प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल का सम्मान किया जाएगा।
केवल खबरें प्रकाशित करना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुडऩा भी ‘दैनिक नवीन कदम’ उद्देश्य है। इसी उद्देश्य को लेकर ‘दैनिक नवीन कदम’ परिवार समय-समय सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजन करता रहा है। इसी कड़ी में दो नवंबर गुरूवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल का सम्मान किया जाएगा। आपको बात दें कि जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने 4 नवंबर 2016 को कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही विधिक सहायता एवं विधिक जागरूकता के कार्यों में विषेश रूचि लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करवाया। विशेषकर, विधिक जागरूकता के क्षेत्र में प्राधिकरण ने रैलियां निकालकर, वाल पेंटिंग के माध्यम से कानूनों एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित कराकर, श्रमिकों के पलायन रोकने एवं प्रवासी श्रमिकों के विधिक अधिकार बताने, बाल विवाह रोकने, यातायात के संबंध में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन कराने जैसे उल्लेखनीय कार्य किए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सितम्बर 2017 तक किए गए कार्यों का परिणाम रहा है कि छग राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उत्कृष्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रूप में चयनित होने का गौरव प्रदान किया गया है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के कार्यपालक अध्यक्ष द्वारा राज्य के जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा किए गए कार्यों का मूल्यंाकन करने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के उत्कृष्ट जिले के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा को चयनित किया गया है। उत्कृष्ट जिले की हैसियत से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव एवं सचिव शुभदा गोयल राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के प्रशस्ति समारोह में शामिल होने नई दिल्ली जाएंगे। यह प्रशस्ति समारोह 9 नवम्बर 2017 को प्रवासी भारतीय केन्द्र नई दिल्ली में आयोजित होगा। ‘दैनिक नवीन कदम’ परिवार द्वारा इस समारोह से पूर्व दो नवंबर को प्राधिकरण की सचिव शुभदा गोयल का सम्मान किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें