बुधवार, 1 नवंबर 2017

'MLA के आदमी हो, इसलिए दिल्ली में ट्रेन से उतारा' सुन भड़के कांग्रेसी, चांपा में गरमाई राजनीति

जांजगीर-चांपा. क्षेत्रीय विधायक के आदमी हो, इसलिए ट्रेन से उतारा...अच्छा हुआ। नगरपालिका चांपा के भाजपा समर्थित एक पार्षद ने जब यह बात कांग्रेसी पार्षद व सभापति से कही, तब हंगामा मच गया। इस मामले को लेकर नगर में राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है। वहीं कांग्रेसियों में गहरी नाराजगी भी दिख रही है।

दरअसल, चांपा से जय मां वैष्णो देवी यात्रा सेवा समिति के जरिए शिरडी, हरिद्वार व वैष्णो देवी की यात्रा निकाली गई थी। वापसी के दौरान विधायक कार्यकर्ता 9 लोगों को दिल्ली के पास किसी स्टेशन पर उतार दिया गया। इस मामले को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। बुधवार को चांपा के श्रीकृष्ण गौशाला में समिति द्वारा आयोजित कन्या भोज कार्यक्रम के दौरान ट्रेन से उतारे गए कांग्रेसी पार्षद सहित अन्य ने इस मामले को लेकर नाराजगी व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि बीते सात सालों की तरह इस बार भी बीते 21 व 22 अक्टूबर की दरम्यिानी रात चांपा स्टेशन से जय मां वैष्णो देवी यात्रा सेवा समिति द्वारा स्पेशल ट्रेन से शिरडी, हरिद्वार व वैष्णो देवी दर्शन के लिए यात्रा निकाली गई थी। यात्रा में क्षेत्रीय विधायक मोतीलाल देवांगन के कार्यकर्ता व कांग्रेसी पार्षद तथा सभापति हरदेव देवांगन सहित अन्य लोग गए थे। यात्रा से वापसी के दौरान ट्रेन दिल्ली पार होने के बाद किसी छोटे स्टेशन में रूकी। इसके बाद समिति के लोगों ने पार्षद हरदेव सहित नौ लोगों को ट्रेन से उतार दिया। किसी तरह सभी नौ लोग वापस शहर लौटे। बुधवार को चांपा के श्रीकृष्ण गौशाला में समिति द्वारा कन्या भोज का कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान पार्षद हरदेव देवांगन सहित अन्य लोग अपनी नाराजगी व्यक्त करने पहुंचे। कार्यक्रम निपट जाने के बाद पार्षद सहित अन्य को अपनी बात रखने का मौका समिति ने दिया। इसी बीच समिति के सदस्य व भाजपा समर्थित पार्षद कृष्णा देवांगन ने पार्षद हरदेव देवांगन से कह दिया कि अच्छा हुआ, विधायक के आदमी हो इसलिए ट्रेन से उतारा गया। यह बात सुनकर पार्षद हरदेव सहित अन्य लोग भडक़ गए और उनके बीच काफी कहा-सुनी हुई। किसी तरह समिति के सदस्यों की समझाइश के बाद मामला तो शांत हो गया, लेकिन इस मामले को लेकर नगर में राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है।

समिति पर भेदभाव का आरोप

पार्षद हरदेव देवांगन का कहना था कि उन्हें शराबखोरी के आरोप में ट्रेन से उतारा गया, जबकि यात्रा के दौरान ही कुछ लोगों को शराबखोरी करते समिति के लोगों ने पकड़ा था। इसके बावजूद, उन्हें ट्रेन से नहीं उतारा गया, क्योंकि समिति के लोगों में उन्हें ट्रेन से उतारने का दम ही नहीं था। फिर समिति के लोगों ने सिर्फ  उन्हीं लोगों का सामान चेक किया, जबकि पूरी ट्रेन के सभी बोगियों के सामानों की जांच की जानी चाहिए थी। हरदेव का कहना है कि विधायक के आदमी होने के कारण ही उनके साथ ऐसा दुव्र्यवहार किया गया। यह बात आज भाजपा पार्षद ने सबके बीच कह भी दी।

विधायक ने लगाई फटकार

अपने कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतार देने की खबर मिलते ही जांजगीर-चांपा विधायक मोतीलाल देवांगन भडक़ गए। बताया जाता है कि उन्होंने जय मां वैष्णो देवी यात्रा सेवा समिति के एक सदस्य को फोन कर इस विषय में उसकी जमकर क्लास ली। विधायक ने फोन पर कहा कि यात्रा के दौरान कई तरह के घटनाक्रम हुए, जो आपत्तिजनक थे। फिर उनके कार्यकर्ताओं ने माफी भी मांगी। इसके बावजूद, उन्हें ट्रेन से उतार देना उचित नहीं है। हालांकि बताया जाता है कि विधायक की बात सुनकर समिति के सदस्य ने अपनी गलती स्वीकार की। यह मामला शहर में काफी छाया हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें