होली त्योहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
होली त्योहार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 13 मार्च 2017

ढोल-नगाड़ों और झांझों को बजाकर मनाई होली

जमकर उड़ा रंग-गुलाल, लोगों ने की शांति-सौहार्द की कामना

 

नवीन कदम@जांजगीर-चांपा. जिले भर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। बीती रात जिले के अलग-अलग स्थानों पर होलिका दहन किया गया। सोमवार को जिला मुख्यालय जांजगीर समेत अन्य शहरों एवं ग्रामीण इलाकों में  शांति औऱ सौहार्द के बीच होली मनाई गई। होली के उल्लास में हुर्रियारे जहां रंगों से सराबोर रहे। वहीं जिले भर में जगह-जगह घंटे घडियाल, ढोल-नगाड़ों व झांझों को बजाकर पारंपरिक तरीके से होली मनाई।

जिला मुख्यालय में सुबह से सैकड़ों स्थानों पर होलिका दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिल द्वेष भाव त्यागने की अपील की। शहर में सुबह से ही लोगों ने होली का आनंद उठाना शुरू कर दिया था। जिला मुख्यालय जांजगीर के बीटीआई चौक, कचहरी चौक, पुराना जिला अस्पताल चौक, नेताजी चौक, अकलतरा चौक, केरा रोड, स्टेशन रोड, स्टेशन चौक सहित विभिन्न स्थानों में लोग एक-दूसरे को गले लगकर द्वेष भाव त्यागने की अपील करते हुए अबीर गुलाल के रंग में रंग गए। गली-मोहल्ले में लोगों ने मित्रों, परिजनों पर रंग डालकर पर्व का आनंद उठाया। होली खेलने में बच्चे भी पीछे नही रहे। उन्होंने अपने नन्हे मित्रों के साथ होली खेलकर पर्व का लुत्फ  उठाया।

महिलाओं ने किया पूजन

महिलाओं ने रविवार की रात परंपरानुसार होलिका की पूजा-अर्चना की तथा व्रत रखकर परिवार के कुशल मंगल की कामना की। पूजन के दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए होलिका के चारों और कच्चा सूत (नाल) लपेटकर तथा जौ, हल्दी, गुड़ जल आदि चढ़ाकर मन्नतें मांगी। लोगों ने होलिका पर बिडक़ुलों की माला बनाकर भी चढ़ाई। रविवार को शाम होते-होते विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन शुरू हो गया। जैसे ही होलिका अग्नि की लपटों में घिरी, लोगों ने भगवान विष्णु और प्रह्लाद भक्त के जयकारों के साथ ही अग्नि में प्रह्लाद को निकालने की परंपरा पूरी की। परंपरानुसार लोगों ने जौ की बालियों को होलिका की अग्नि में भूना।

जैजैपुर में नशामुक्त होली

जिले के नगर पंचायत जैजैपुर में इस बार अनोखे अंदाज में होली त्योहार मनाया गया। यहां के राममंदिर प्रांगण में लोग एकत्रित हुए और इस नशामुक्त होली मनाई। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने त्योहार के अवसर पर किसी तरह का नशापान नहीं करने का संकल्प लेते हुए शांति एवं सौहार्द के साथ होली मनाने की बात कही। कार्यक्रम में नगरपंचायत के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र चंद्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

शनिवार, 11 मार्च 2017

संभल के रहना, पोंगा बजाया तो जाना पड़ेगा हवालात

नशे की हालत में पाए जाने पर वाहन चालकों पर होगी कार्यवाही
होली त्योहार में शांति और कानून व्यवस्था बनाने पुलिस हुई चौकन्नी

नवीन कदम@जांजगीर-चांपा. होली में मुखौटा पहनने और तेज आवाज वाला पोंगा बजाने वालों को पुलिस पकड़ेगी। तीन सवारी, प्रेशर हार्न और नशे की हालत में पाए जाने पर वाहन चालकों के खिलाफ  सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होली सोमवार 13 मार्च को मनाई जाएगी। रविवार रात होलिका दहन होगा। पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए जिले भर के सभी थाना क्षेत्रों में एसडीएम व थाना प्रभारियों द्वारा शांति समिति की बैठक लेकर लोगों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग करने अपील की जा रही है। पुलिस ने होली के दिन अपशब्दों का प्रयोग नहीं करने, पत्थर, लकड़ी अन्य वस्तु रखकर रोड जाम न करने, हरे-भरे पेड़ों को न काटने, किसी के ऊपर जबरदस्ती रंग गुलाल न डालने, तेल, ग्रीस, डामर, पेंट, तारकोल का उपयोग बिल्कुल नहीं करने की अपील की है। साथ ही यह भी कि बुजुर्गों एवं महिलाओं का सम्मान करने, बच्चों एवं महिलाओं के ऊपर जबरदस्ती रंग न डालने कहा है। पुलिस ने यह सख्त चेतावनी दी है कि बिना नंबर वाले बाइक का उपयोग किसी भी हालत में न करें, इसके अलावा तीन सवारी नहीं बिठाने, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करते पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चांपा में चला अभियान

दोपहिया वाहन में तीन सवारी बैठकर चलने, वाहन में स्टंट करने, बिना नंबर प्लेट के वाहन दौड़ाने तथा अन्य उत्पात मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने जिले भर में अभियान छेड़ रखा है। इस अभियान के तहत शनिवार को चांपा में पुलिस ने कई लोगों पर कार्यवाही की। पुलिस ने नगर के विभिन्न स्थानों में टीम बनाकर ऐसे उत्पातियों को धर-दबोचा। बताया जाता है कि इस दौरान कई लोगों ने अपने रसूख की धमकी दी, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी। हालांकि उन्हें जेल तो नहीं भेजा गया, लेकिन जुर्माना वसूलकर नियमों का पालन करने की नसीहत जरूर दी गई।

आपातकालीन नंबर जारी

होली पर्व के दौरान अगर कहीं पर कोई हादसा या दुर्घटना होने की स्थिति पर पुलिस ने नंबर जारी किया है। लोग इन नंबरों पर संपर्क कर पुलिस को सूचित कर सकते हैं। इमरजेंसी में कंट्रोल रूम जांजगीर के दूरभाष क्रमांक 07817-222225 व 9479193199, कोतवाली जांजगीर 9479193107 व चांपा थाना के लिए 9479193108 तथा अकलतरा के लिए 9479193109 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।