शनिवार, 24 जून 2017

प्रधानमंत्री जी, मुझे राष्ट्रपति के लिए उम्मीद्बवार बनाएं, सिलादेही के भाजयुमो कार्यकर्ता ने पीएम से लगाई गुहार, गरीब, किसान के बेटे को बड़े पद पर बिठाने किया अपील

जांजगीर-चाम्पा.  देश के राष्ट्रपति पद के लिए राजनैतिक पार्टी अपने उम्मीद्वार तय करने में जुटे हैं, देशवासियों का भी सारा ध्यान आगामी  राष्ट्रपति चुनाव पर टिकी है। ऐसे में जिले के बम्हनीडीह ब्लाक के सिलादेही के एक भाजयुमो के कार्यकर्ता  ने खुद को राष्ट्रपति के लिए उम्मीद्वार बनाने पीएम से पत्राचार कर गुहार लगाई है। इतना ही नहीं राष्ट्रपति के लिए युवा कार्यकर्ता ने खुद को बेहतर उम्मीद्वार बताया है।

राष्ट्रपति की दावेदारी के लिए  देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में बम्हनीडीह ब्लाक के सिलादेही गांव के भाजयुमो के कार्यकर्ता बसंत कुमार पाण्डेय ने खुद को राष्ट्रपति के लिए बेहतर उम्मीद्वार बताया है। सबसे पहले उन्होंने अपना परिचय देते हुए लिखा है कि उनका नाम बसंत कुमार पाण्डेय पिता अर्जुन प्रसाद पाण्डेय है। वे छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हैं और एक गरीब किसान परिवार में पैदा हुए हैं। साथ ही कठिन परिश्रम करके सरकारी स्कूल से शिक्षा हासिल की है। उनकी शिक्षा एमए हिन्दी व एमबीए (एचआर मार्केटिंग) है। उन्होंने पत्राचार करते हुए अवगत कराया है कि वे एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। भाजयुमो के सक्रिय कार्यकर्ता होने के नाते बूथ प्रबंधन के साथ में सक्ती केंद्र संयोजक हैं। पाण्डेय ने पीएम से गुहार लगाते हुए लिखा है कि केंद्रीय मंत्री या सांसद को राष्ट्रपति बनाने आपके मस्तिष्क में क्या चल रहा है, कभी वे राजनैतिक लोग अपने लिए लड़ते हैं या गरीबों के बारे में भी कुछ सोचते हैं। यदि उनका नाम राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए रखा जाता है तो यह एक ऐतिहासिक फैसला होगा।
 

कई तरह की अटकलें लगा रहे लोग

राष्ट्रपति बनने खुद को प्रबल दावेदार बताते हुए बसंत कुमार पाण्डेय द्वारा पीएम को लिखे इस पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने पर लोग कई तरह की अटकलें लगा रहे हैं। कुछ लोग इसे भाजयुमो कार्यकर्ता की नासमझी बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग सराह भी रहे हैं। बहरहाल बात जो भी हो, लेकिन भाजयुमो कार्यकर्ता ने पत्राचार के माध्यम से पीएम से अपने मन की बात करने में परहेज नही किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें