गुरुवार, 7 सितंबर 2017

राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता 14 से, राज्य के 12 जोन के 1728 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

जांजगीर-चांपा. राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 14 से 17 सितम्बर तक जांजगीर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में राज्य के 12 जोन के 1 हजार 728 खिलाड़ी एवं 288 कोच मैनेजर हिस्सा लेंगे। कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने इस संबंध में बैठक लेकर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के भोजन, आवास, परिवहन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी है। 

कलेक्टर ने विभिन्न स्कूलों व छात्रावासों में आवास व्यवस्था के लिए संबंधित प्राचार्यो को जिम्मेदारी दी है। परिवहन व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर सुखनाथ अहिरवार, पूछताछ व कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी बोड़सरा हाईस्कूल के प्राचार्य आरडी भार्गव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर के प्राचार्य आरडी भगत, आवास व खेल मैदान में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी सीएमओ नगर पालिका जांजगीर-नैला को सौंपी गई है। अनुशासन एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा को दी गई है। विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए खेल मैदान प्रभारी बनाए गए हैं। इसी प्रकार मंच एवं पंडाल, पुरस्कार व्यवस्था आदि के लिए भी विभिन्न विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।     जिला शिक्षा अधिकारी जीपी भास्कर ने बताया कि हॉकी बालक-बालिका 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 880 प्रतियोगी भाग लेंगे। इसी प्रकार हैण्डबाल बालक-बालिका 14 वर्ष प्रतियोगिता में 392, साईकिलिंग बालक-बालिका 17 व 19 वर्ष वर्ग में 208 और थ्रो बाल बालक-बालिका 14 वर्ष की प्रतियोगिता में 296 प्रतिभागी शामिल होंगे। हॉकी बालक वर्ग की प्रतियोगिता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 और बालिका वर्ग की प्रतियोगिता सेंट थामस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में होगी। इसी प्रकार हैण्डबाल बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता डाइट, थ्रो बाल की प्रतियोगिता शासकीय उच्चतर माध्यमिक क्रमांक 1 और साइकिलिंग की प्रतियोगिता खोखराभाठा पुलिस लाइन में होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें