राजेंद्र राठौड़@जांजगीर-चांपा. कांग्रेस में जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों की नई सूची जारी होने के बाद जिले की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। जिले के कुछ ब्लॉकों में नए चेहरों को ब्लॉक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देकर सामने लाए जाने से जहां उत्साह है। वहीं नवागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष रहे शत्रुहनदास महंत को किनारा कर उनके स्थान पर नए व्यक्ति को अवसर दिए जाने से क्षेत्र के कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। बताया जा रहा है कि नवागढ़ क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को पत्र लिखकर शत्रुहनदास महंत को दोबारा ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है। साथ ही आगाह किया है कि उनकी मांग पूरी नहीं होने पर वे सामूहिक तौर पर पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर दो दिन पहले ही जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की जम्बो सूची जारी की गई है। जारी सूची के अनुसार, जिलाध्यक्ष का दायित्व जिला पंचायत के पूर्व सदस्य एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत के खास समर्थक दिनेश शर्मा को सौंपा गया है। जिलाध्यक्ष के रूप में दिनेश शर्मा की नियुक्ति को लेकर जहां जिलेभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। वहीं नवागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर रामकिंकर शुक्ला की नियुक्ति को लेकर खासा आक्रोश है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले शिवरीनारायण में कांग्रेस की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें बीआरओ रमेश जायसवाल विशेष रूप से मौजूद थे। उक्त बैठक में शत्रुहनदास महंत को पुन: ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसके बावजूद, रामकिंकर शुक्ला को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी एवं आक्रोश है।
इधर, नवागढ़ ब्लॉक के कार्यकर्ताओं का कहना है कि बैठक में पारित प्रस्ताव एवं कार्यकर्ताओं की इच्छा के विरूद्ध जाकर पार्टी आलाकमान द्वारा शत्रुहनदास महंत को ब्लॉक अध्यक्ष के पद से हटाते हुए उनके स्थान पर रामकिंकर शुक्ला को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं की भावना को काफी ठेस पहुंचा है। इसी मसले को लेकर नवागढ़ क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने 6 मार्च मंगलवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि नवागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी शत्रुहनदास महंत को दोबारा दी जाए, अन्यथा कोई भी कार्यकर्ता कांग्रेस के पक्ष में काम नहीं करेगा और सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से पार्टी से इस्तीफा देने बाध्य होंगे।
नवागढ़ में विशेष बैठक 8 मार्च को
नवागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर उपजा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। नए अध्यक्ष के रूप में रामकिंकर शुक्ला की नियुक्ति किए जाने को लेकर कार्यकर्ता अब आर-पार की लड़ाई लडऩे के मूड में हैं। यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी से सूची जारी होने के बाद से नवागढ़ ब्लॉक के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी मसले को लेकर नवागढ़ के गांधी भवन में आगामी 8 मार्च को दोपहर तीन बजे से विशेष बैठक रखी गई है, जिसमें क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं से उपस्थिति का आहृवान किया गया है। कार्यकर्ताओं द्वारा बैठक में निर्णय लेकर आगे की रणनीति तैयार किए जाने की बात कही जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें