मंगलवार, 21 मार्च 2017

मान्यता समाप्त स्कूलों में नहीं मिलेगा प्रवेश, समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिया निर्देश

जांजगीर-चांपा. कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने विभागीय कामकाज की गहन समीक्षा की। 

कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा अशासकीय स्कूलों का निरीक्षण करवाया गया है। शासन के निर्धारित मापदण्ड पालन नहीं करने वाले स्कूलों की मान्यता समाप्त कर दी गई है। इन स्कूलों में आगामी शिक्षण सत्र में प्रवेश प्रक्रिया नहीं होगी। जांजगीर शिक्षा जिला के कुल 43 अशासकीय स्कूलो को बंद किया गया है। कलेक्टर ने इसकी सूचना संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को शीघ्र उपलब्ध करवाने के निर्देश दोनो जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत वसंत और वनमण्डला अधिकारी सतोविशा समाजदार भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने आगामी शिक्षा सत्र के लिए गणवेश वितरण और पाठ्य पुस्तक वितरण की तैयारी प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री सरस्वती सायकल योजना के तहत वितरित किए जा रहे सायकल की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश भी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिया गया हैं। उन्होंने इस सत्र में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल परीक्षा की तैयारी की समीक्षा की है। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जिले की निजी स्कूलो में उपलब्ध सीटों की जानकारी एवं लाभांवित छात्रों की जानकारी जिले की वेबसाईट में प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए हैं।  डॉ. भारतीदासन ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करतें हुए कहा कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में  सुविधाओं का विस्तार किया जाना है। इस कार्य के लिए जिला मुुख्यालय से अधिक दूरी वालो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन स्वास्थ्य केन्द्रों में बिस्तर की संख्या बढ़ाने सहित अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाना है। कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि इस माह तक सीमांकन के सभी लंबित प्रकरणों और अविवादित बटवारा के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को सभी नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करने कहा हैं। बिगड़े हेण्डपंप को सुधारने और बंद नल जल योजना  को चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए हैं। निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर सतत् निगरानी रखने और समय पर कार्य पूरा करने को कहा है। रेल्वे ओव्हरब्रिज निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग सेतु के अधिकारी को रेल्वे के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाने को कहा है। बैठक में अपर कलेक्टर डीके सिंह, सुखनाथ अहिरवार, सभी विभागीय अधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें