भारी संख्या में मंगवाया गया है बल, पुलिस अफसर खुद संभालेंगे मोर्चा
नवीन कदम@बलौदा. स्थानीय मंडी प्रांगण में 25 मार्च को आयोजित पारस कोलवाशरी की जनसुनवाई खाकी के साये में होगी। बताया जा रहा है कि जनसुनवाई के लिए स्थानीय थाने के अलावा आसपास के थाने और पुलिस लाइन से भारी संख्या में बल मंगवाया गया है। जानकारी यह भी है कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जनसुनवाई स्थल पर मोर्चा संभालेंगे, ताकि क्षेत्रवासी कोई उग्र प्रदर्शन न कर सकें। सिर्फ इतना ही नहीं, जनसुनवाई को लेकर जिला प्रशासन भी सख्त नजर आ रहा है। यही वजह है कि क्षेत्र के राजस्व अधिकारियों के अलावा जिला प्रशासन के कई अफसर क्षेत्र के हालात की लगातार जानकारी ले रहे हैं।
बलौदा विकासखंड क्षेत्र में कोलवाशरी की बढ़ती संख्या ने क्षेत्रवासियों का सुख-चैन छीन लिया है। एक-एक कर खुल चुकी पांच कोलवाशरी से क्षेत्रवासी परेशान हैं। यहां हिंद एनर्जी, महावरी कोलवाशरी सहित पांच कुल कोलवाशरी पहले से ही संचालित हो रही हैं। इन कोलवाशरी के प्रदूषण ने क्षेत्रवासियों को जीना मुहाल कर दिया है। इसके बाद भी शासन-प्रशासन आंख मूंद बैठा है। बलौदा के वार्ड क्रमांक एक ठडग़ाबहरा में अब एक नई कोलवाशरी शुरू होने वाली है। ठडग़ाबहरा में पारस नामक कोलवाशरी प्रस्तावित है, जिसके लिए 25 मार्च को सुबह 11 बजे से बलौदा के मंडी प्रांगण में पर्यावरणीय जनसुनवाई रखी गई है।
इस कोलवाशरी की क्षमता 0.96 मिलियन टन रखी गई है। यह कोलवाशरी पहले से ही संचालित कोलवाशरी हिंद एनर्जी के ठीक समीप शुरू होने वाली है। प्रस्तावित कोलवाशरी की पर्यावरणीय जनसुनवाई के लिए प्रशासनिक तैयारियां हो चुकी हैं। क्षेत्र में पहले से ही संचालित पांच कोलवाशरी के प्रदूषण से परेशान जनता नई कोलवाशरी खोले जाने का भरसक विरोध करने की तैयारी में हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कोलवाशरी के प्रदूषण और भारी वाहनों से जहां लोगों की जान जा रही है। वहीं शासन-प्रशासन को केवल अपना खजाना भरने से सरोकार है। वे यह भी कहते हैं कि 25 मार्च को जनसुनवाई स्थल पर ऐसा हंगामा करेंगे कि प्रशासनिक अफसरों को उल्टे पांव लौटना पड़ जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें