गुरुवार, 6 अप्रैल 2017

परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ दिखाना होगा आधार कार्ड

मुन्ना भाईयों पर लगाम कसने विवि अनुदान आयोग ने निकाली युक्ति

 

जांजगीर-चांपा. किसी और के प्रवेश पत्र का इस्तेमाल कर परीक्षा कक्ष में बैठ जाने वाले मुन्ना भाइयों पर लगाम कसने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने एक नई युक्ति निकाली है। आगामी सत्र की परीक्षाओं में बैठने महाविद्यालयीन छात्रों को परीक्षा के दौरान प्रवेश पत्र के साथ अपना आधार कार्ड भी साथ लेकर जाना होगा। इस दिशा में महाविद्यालयों को व्यवस्था दुरूस्त रखने कहा गया है।

यूजीसी ने परीक्षा कार्य में कसावट लाने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर नियंत्रण करने नियमों में सख्ती लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में अनाधिकृत तौर पर परीक्षार्थी बनकर पर्चा देने कक्ष में बैठ जाने वाले परीक्षार्थियों पर रोक लगाने आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल होने परीक्षार्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र के अलावा अपना आधार पहचान पत्र भी दिखाना होगा। आधार कार्ड लेकर नहीं जाने वाले परीक्षार्थियों को पर्चा देने से वंचित किया जा सकता है। 

बताया जा रहा है कि इस संबंध में यूजीसी ने बिलासपुर विश्वविद्यालय को पत्र भी जारी कर दिया है। इसके तहत बिना आधार वेरिफिकेशन के परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल नहीं करना है। महाविद्यालयीन परीक्षाओं के दौरान इस तरह के फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने यह नई व्यवस्था आगामी सत्र से लागू किए जाने की तैयारी की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें