गुरुवार, 6 अप्रैल 2017

सात रूटों पर स्पेशल ट्रेन चलाएगी रेलवे, ट्रेनों में भीड़ कम करने रेलवे की नई व्यवस्था

चांपा. गर्मी सीजन में रेलवे सात रूटों पर स्पेशल ट्रेन चलाएगी। दीगर ट्रेनों में भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने यह नई व्यवस्था की है, ताकि लोग कंफर्म टिकट लेकर यात्रा कर सके।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अप्रैल महीने में लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में सीटें खाली नहीं है। वेटिंग का आंकड़ा 500 से ऊपर जा पहुंचा है। इसलिए रेलवे सात रूटों पर स्पेशल ट्रेन चलाकर उस रूट के यात्रियों को राहत देने के प्रयास में है। स्पेशल ट्रेन चलाने से यात्रियों का वेटिंग कंफर्म हो जाएगा और वे आराम से यात्रा कर सकेंगे। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के लिए दुर्ग से निजामुद्दीन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। दो महीने से यह स्पेशल ट्रेन चल रही थी। इस रूट पर भीड़ इतनी ज्यादा है कि इसे रेलवे ने आगे बढ़ाया है और अब दो जुलाई तक यह स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन नंबर 04407 दुर्ग से निजामुद्दीन के लिए रविवार और 04408 निजामुद्दीन से दुर्ग के लिए प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।

हटिया समर स्पेशल जून तक

हटिया-हबीबगंज-हटिया के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन 7 अप्रैल से 30 जून तक चलेगी। इस रूट पर सीजन में बर्थ के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक यह ट्रेन हटिया से 7 अप्रैल से हर शुक्रवार को 08633 नंबर के साथ छूटेगी और ट्रेन नंबर 08634 हबीबगंज से 9 अप्रैल से 2 जुलाई तक हर रविवार को हटिया के लिए चलेगी।

बिलासपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन शुरू

गर्मी सीजन में रेलवे ने बिलासपुर और पुणे के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन 13 फेरे लेगी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, 5 अप्रैल से 28 जून तक यह स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 02044 के साथ बिलासपुर से प्रत्येक बुधवार को यह पुणे के लिए छूटेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 02043 पुणे से बिलासपुर के लिए प्रत्येक मंगलवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन 4 अप्रैल से 27 जून तक चलेगी।

जून तक चलेगी कामाख्या स्पेशल

ट्रेनों में भीड़ के हालात को देखते हुए रेलवे ने कामाख्या-पुणे स्पेशल को 29 जून तक के लिए आगे बढ़ा दिया है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन कामाख्या से पुणे के लिए ट्रेन नंबर 82506 के साथ हर सोमवार को छूटेगी। 26 जून तक यह ट्रेन इस रूट पर चलेगी। पुणे से कामाख्या के लिए ट्रेन नंबर 82505 के साथ प्रत्येक गुरुवार को 29 जून तक चलाई जाएगी।

13 फेरे लेगी शालीमार स्पेशल

रेलवे शालीमार-जयपुर स्पेशल ट्रेन एसीयुक्त चलाएगी। यह 13 फेरे लेगी। तीन अप्रैल से यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए शुरू कर दी गई है। ट्रेन नंबर 0061 के साथ 26 जून तक चलाई जाएगी। हर सोमवार को जयपुर से शालीमार के लिए निकलेगी। पांच अप्रैल से 28 जून तक हर बुधवार को शालीमार से जयपुर के लिए ट्रेन नंबर 08062 के साथ चलाई जाएगी।

एलटीटी एसी समर स्पेशल 16 से

रेलवे एलटीटी एसी सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन 16 अप्रैल से चलाने जा रही है। यह ट्रेन सियालदाह से लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच चलेगी। सीजन में यह ट्रेन कुल 11 फेरे लेगी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सियालदाह से लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए 16 अप्रैल से 25 जून तक चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 02255 नंबर के साथ यह चलेगी। 18 अप्रैल से ट्रेन नंबर 02256 के साथ 27 जून तक टर्निमल से सियालदाह के लिए हर मंगलवार को यह छूटेगी।

बिलासपुर-मडगांव स्पेशल शुरू

यात्रियों के लिए रेलवे सीजन में बिलासपुर-मडगांव स्पेशल ट्रेन भी शुरू कर दी है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, एसी समर स्पेशल 10 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन हर रविवार को चलाई जा रही है। दो अपै्रल से इसकी शुरूआत हो चुकी है। यह ट्रेन बिलासपुर से मडगांव के लिए 4 जून तक चलाई जाएगी। इसी तरह हर मंगलवार को मडगांव से बिलासपुर के लिए 6 जून तक यह ट्रेन चलेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें