गुरुवार, 6 अप्रैल 2017

अब पर्सनल असिस्टेंट नहीं रख सकेंगे पटवारी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किया फरमान

जांजगीर-चांपा. राजस्व विभाग में कार्यरत पटवारी अब अपना पर्सनल असिस्टेंट नहीं रख सकेंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संभागायुक्त एवं कलेक्टर को पत्र जारी कर कहा है कि सुनिश्चित करें कि पटवारी कोई असिस्टेंट नहीं रखेगा। पर्सनल असिस्टेंट रखे जाने पर कार्रवाई की जाएगी। 

राजस्व विभाग की ओर से जारी आदेशानुसार पटवारियों के द्वारा पर्सनल असिस्टेंट रखा जा रहा है, जिसके चलते शासकीय कार्यो के निष्पादन में लापरवाही की बातें हमेशा सामने आती है। दरअसल, राजस्व विभाग को हाईकोर्ट ने एक मामले में स्वयं संज्ञान लेते हुए जमकर फटकार लगाई थी। 

इसे देखते हुए राजस्व विभाग की ओर से राज्य के समस्त संभागायुक्त और कलेक्टरों को आदेश जारी कर पटवारियों के द्वारा स्वयं का असिस्टेंट रखने पर रोक लगा दी है। राजस्व विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि पटवारियों के द्वारा गैर शासकीय अमला रखने से शासकीय अभिलेखों, दस्तावेजों में छेड़छाड़ किए जाने की संभावना बनी रहती है। इससे शासकीय कार्य में लापरवाही हो सकती है।

अब खुद करना होगा काम

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के इस आदेश से अब पटवारियों को परेशानी होगी, क्योंकि किसी भी राजस्व संबंधित कार्य करने के लिए सबसे पहले पटवारी के असिस्टेंट से मिलना पड़ता था। तब जाकर राजस्व का कार्य हो पाता था। अब इन कार्यों को पटवारी द्वारा स्वयं करना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें