पुलिस की पूछताछ में बर्खास्त शिक्षाकर्मी ने किया चौकानें वाला खुलासा
सक्ती. ग्राम असौंदा में 70 पाव अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ाए एक युवक ने पुलिस की पूछताछ में चौकानें वाला खुलासा किया है। आरोपी ने बताया कि कुुछ साल पहले उसने फर्जी मार्कशीट बनवाकर शिक्षाकर्मी की नौकरी हथियाई थी। कई वर्षों तक नौकरी करने के बाद उसका फर्जीवाड़ा सामने आ गया और नौकरी से हाथ धोना पड़ा, तब उसने शराब की अवैध बिक्री करने की योजना बनाई। मगर किस्मत ने यहां भी उसका साथ नहीं दिया और उसे जेल के सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ गया।
सक्ती पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम असौंदा निवासी संजय राठौर पिता नंदलाल राठौर द्वारा अपने घर में भारी मात्रा में अंगे्रजी शराब छिपाकर रखे होने की सूचना मुखबिर के माध्यम से पुलिस को बुधवार को प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने ग्राम असौंदा पहुंचकर संदेही संजय के मकान में छापा मारा, तब वहां से दो कार्टून में भरा 70 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी संजय राठौर ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर शिक्षाकर्मी की नौकरी हथियाई थी। बलौदा विकासखंड में नौकरी करने के बाद उसने अपना तबादला सक्ती क्षेत्र में करवा लिया था, लेकिन उसका फर्जीवाड़ा कुछ लोगों ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्राप्त उजागर कर दिया।
संबंधितों ने मामले की शिकायत प्रशासन से की और जांच के बाद शिकायत सही मिलने पर उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। ऐसे में उसने शराब की अवैध बिक्री कर अपने जीवकोपार्जन की योजना बनाई, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के बाद सक्ती पुलिस ने आरोपी संजय राठौर पिता नंदलाल राठौर के विरूद्ध धारा 34(1)क, 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें