खाद्य विभाग के अफसरों की उदासीनता से स्व-सहायता समूह के संचालक परेशान
शिवरीनारायण. लोगों को सस्ते दर पर भरपेट भोजन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से टेम्पल सिटी में खोले गए अन्नपूर्णा दाल-भात सेंटर का बुरा हाल है। खाद्य विभाग के अफसरों की उदासीनता से यहां सेंटर संचालित करने वाली महिला स्व-सहायता समूह को पिछले दो माह से चावल का आवंटन नहीं हुआ है, जिसकी वजह से समूह संचालक परेशान है।
उल्लेखनीय है कि धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में प्रदेश सहित देश भर से लोग भगवान शबरीनारायण के पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। यहां पहुंचने वाले लोगों को सस्ते दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन ने अन्नपूर्णा दाल भात केन्द्र खुलवाया है। दाल-भात केन्द्र का संचालन महिला स्वसहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। राज्य शासन खाद्य विभाग के जरिए इस सेंटर के लिए चावल की आपूर्ति करता है, लेकिन पिछले दो माह से समूह को चावल अप्राप्त है, जिसकी वजह से व्यवस्था गड़बडा गई है।
बताया जा रहा है कि सेंटर के लिए चावल का आवंटन तो हुआ है, लेकिन उस चावल को वेयर हाउस में डंप कर रखा गया है, जिसकी शिकायत दाल-भात केन्द्र संचालित करने वाली महिला समूह की महिलाओं द्वारा जिम्मेदार अफसरों से कई मर्तबा की जा चुकी है, इसके बावजूद संबंधित अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।
समूह की महिलाओं ने बताया कि हाल ही में उन्होंने क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक से संपर्क कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत करवाया था, तब उन्होंने उचित पहल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उनकी ओर से अब तक कोई पहल नहीं की गई है। महिला समूह की सदस्यों का आरोप है कि खाद्य निरीक्षक हर माह स्वयं केन्द्र पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लेते हैं, लेकिन चावल आपूर्ति को लेकर वे ध्यान नहीं दे रहे हैं।
दो माह से उधारी में चल रहा केन्द्र
स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि पिछले दो माह से सरकारी चावल नहीं मिलने से केन्द्र संचालन में काफी असुविधा हो रही है। समूह द्वारा बाजार से चावल खरीदी कर केन्द्र का संचालन किया जा रहा है। पिछले दो माह से व्यापारी से खरीदे गए चावल की राशि बढ़ गई है। ऐसे में अब उन्होंने भी उधार में चावल देने से मना कर दिया है। व्यवसायी लगातार उधारी की रकम मांग रहा है। बार-बार के तकादे से परेशानी हो रही है। समूह का कहना है कि यदि इसी तरह की स्थिति रही तो दाल-भात केन्द्र का संचालन करना मुश्किल हो जाएगा।
जरा अधिकारियों की भी सुनिए
छग शासन द्वारा 10 फरवरी से पहले चावल का भंडारण करने का आदेश जारी हुआ था, जबकि अभी तक समूह को चावल नहीं मिला है। इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी केके घोरे का कहना है कि समूह के लिए चावल का आवंटन हो चुका है, जो वेयर हाउस में रखा हुआ है। समूह को जल्द चावल प्रदान कर दिया जाएगा। वहीं नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी रवीन्द्र शुक्ला का कहना है कि मेले के दौरान दाल-भात केन्द्र शुरू किया गया था। उस दौरान केन्द्र का निरीक्षण किया गया था। महिला समूह से चावल नहीं मिलने की शिकायत प्राप्त हुई है। इस संबंध में खाद्य अधिकारी से बात की गई है। उन्होंने जल्द चावल आपूर्ति कराने की बात कही है।
क्या कहती है समूह संचालक
टेम्पल सिटी में अन्नपूर्णा दाल-भात केन्द्र संचालित करने वाली महिला समिति की अध्यक्ष देवी कर्ष व शीतला महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष गंगा सारथी ने बताया कि खाद्य विभाग के अफसरों द्वारा पिछले दो माह से चावल उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। इससे केन्द्र संचालन में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि खाद्य अधिकारी उन्हें बेवजह परेशान कर रहे हैं, जबकि दाल-भात केन्द्र का संचालन नियमों के तहत किया जा रहा है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केन्द्र का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है। महिला समूह की पदाधिकारियों का आरोप है कि खाद्य अधिकारी उनकी समस्या का समाधान करना तो दूर, उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें