शनिवार, 15 अप्रैल 2017

गर्मी की वजह से बदलनी पड़ रही लोगों को अपनी दिनचर्या, आगामी दिनों में बूंदाबांदी की संभावना

जांजगीर-चांपा. शहर का तापमान घटने के बाद फिर बढ़ गया है। हफ्तेभर पहले महसूस की जा रही भीषण गर्मी जैसे हालात शनिवार को तो नहीं थे, लेकिन 40 डिग्री तापमान होने का असर महसूस हुआ। मौसम विभाग की मानें तो सूर्य का रौद्र रुप दो-तीन दिनों के लिए देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 17 अप्रैल को वातावरण में परिवर्तन के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।

गर्मी की वजह से लोगों को अपनी दिनचर्या बदलनी पड़ रही है, इसलिए दोपहर की बजाय लोग अब सुबह-सुबह घरेलू काम निपटाने में भलाई समझ रहे हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह के बाद से सूर्य ने तेवर दिखाने शुरु किए और अप्रैल में मई-जून जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। मौसम के तीखे तेवर से लोग बीमार भी पडऩे लगे हैं। इस वजह से अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। 

शनिवार को दोपहर तापमान 40 डिग्री तक चला गया। इसके बाद तापमान घटने लगा। दोपहर में 3 से 4 घंटे ही तेज धूप का अहसास हुआ। इसके बाद मौसम सामान्य हो गया। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक एम गोपाल राव ने बताया कि इस सीजन में तापमान में उतार-चढ़ाव सामान्य प्रक्रिया है। तापमान अधिक होने के बाद कम भी हो जाता है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल के बाद तापमान में गिरावट आएगी। समुद्र में चक्रवात बन रहा है, लेकिन इसका रूख किस दिशा में होगा, अभी पता नहीं चला है। विभाग लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है। 17 अप्रैल को बूंदाबांदी की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें