शनिवार, 10 जून 2017

प्रशिक्षु डीएसपी ने ट्रैक्टर चलाते तीन नाबालिगों को पकड़ा, वाहन स्वामियों के विरूद्ध मोटरव्हीकल एक्ट के तहत की कार्रवाई

मुलमुला. पुलिस महकमे की सख्त हिदायद और लगातार की जा रही कार्रवाई के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में नाबालिग ट्रैक्टर चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला ने ग्राम अमोरा में ट्रैक्टर चलाते फिर तीन नाबालिगों को पकड़ा है। मामले में वाहन स्वामियों के विरूद्ध मोटरव्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, मुलमुला थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला शनिवार को पेट्रोलिंग करते हुए ग्राम अमोरा पहुंची थी। ग्राम अमोरा के सागर तालाब के पास उन्होंने तीन नाबालिगों को ट्रैक्टर चलाते देखा। 

दो नाबालिग लडक़े जिनकी उम्र 14 वर्ष तथा 16 वर्ष थी, वो बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की ट्रेक्टर चला रहे थे। जांच करने पर पता चला कि एक लडक़ा ग्राम अमोरा निवासी सुखनंदन साहू का पुत्र है। वहीं दूसरा लडक़ा ग्राम अमोरा के ही मंगल चंद निर्मलकर का पुत्र है। मामले में वाहन स्वामी श्यामलाल साहू तथा जगदेव प्रसाद साहू के विरूद्ध मोटरव्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। तीसरा नाबालिग लडक़ा ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 11, डी 4007 चला रहा था, जिसकी उम्र 12 वर्ष थी। जांच करने पर पता चला कि वह ग्राम अमोरा निवासी बिलासराम विश्वकर्मा का पुत्र है। इस मामले में ग्राम अमोरा निवासी वाहन स्वामी पारस सिंह के विरूद्ध भी मोटरव्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती हुई दुर्घटना की संख्या को ध्यान में रखकर त्वरित कार्रवाई की गई तथा नाबालिग लडक़ों को अच्छे से पढ़ाई-लिखाई करने की समझाइश दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें