शिवरीनारायण. खनिज विभाग द्वारा सीज की गई जेसीबी मशीन की चैन तोडक़र भाजपा मण्डल अध्यक्ष उसे ले गया। खनिज विभाग ने मशीन से अवैध रेत उत्खनन करते रंगे हाथ पकड़ कर सीज किया था। ज्ञात हो कि पामगढ़ विधानसभा स्थित महानदी के रेत खदानों में मशीन से दिन-रात रेत उत्खनन किए जाने की खनिज विभाग को लगातार शिकायत प्राप्त हो रही थी। केन्द्रीय मानवाधिकार संगठन छग प्रदेशाध्यक्ष रुपेश सोनी ने बीते 4 जून तक रेत उत्खनन में लगी मशीनों को राजसात करने की मांग की थी।

कार्रवाई नहीं किए जाने की स्थिति में 5 जून को धरना प्रदर्शन किए जाने कि चेतावनी दी गई थी। इसके बाद खनिज विभाग जागा और खनिज विभाग के सर्वेयर पीडी जाड़े के नेतृत्व में टीम द्वारा महानदी रेत खदान शिवरीनारायण, खरौद, देवरी, खोरसी, तनौद तथा पड़रिया में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान देवरी रेत खदान में जेसीबी मशीन से अवैध रेत उत्खनन करते पाया गया। इसी तरह खोरसी रेत खदान में चैन माउन्टेन मशीन से रेत उत्खनन करते रंगे हाथ पकड़ा। इन दोनों मशीनों को खनिज निरीक्षक ने सीज करने के बाद चैन से बंधवाकर लॅाक कर दिया था और इसकी सूचना आवश्यक कार्रवाई के लिए शिवरीनारायण थाने में दिया था। देवरी रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन करते हुए जिस जेबीबी मशीन को पकड़ा गया था। खनिज विभाग के सर्वेयर ने उस जेसीबी मशीन को कुकदा के गजानन कश्यप का होना बताया है तथा यह प्रकरण उसी के नाम से दर्ज किए जाने की बात कही है। गजानन कश्यप शिवरीनारायण भाजपा मण्डल का अध्यक्ष है। खनिज निरीक्षक ने बताया कि देवरी के सरपंच ने उन्हें जानकारी दिया है कि लॅाक की गई जेसीबी मशीन को गजानन कश्यप लॉक तोडक़र ले गया है। सरपंच के अनुसार शिवरीनारायण थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा गया, लेकिन वहां थाना प्रभारी द्वारा इस प्रकरण का एफआईआर दर्ज नहीं किया गया। अब कार्रवाई के लिए एसपी को प्रतिवेदन सौंपा जाएगा।
गजानन की ही है जेसीबी मशीन
बीते चार जून को देवरी रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन करते एक जेसीबी को पकड़ा गया था, जो ग्राम कुकदा निवासी गजानन कश्यप है। इस जेसीबी को लॉक कर सरपंच के सुपुर्द किया गया था और इसकी सूचना शिवरीनारायण थाने में दे दी गई थी। सरपंच ने जानकारी दिया है कि इस जेसीबी के लॉक को तोडक़र गजानन कश्यप अपने साथ ले गया। सरपंच की सूचना के आधार पर हमने शिवरीनारायण थाने में गजानन कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा तो थाना प्रभारी ने नहीं किया। अब कार्रवाई के लिए एसपी को प्रतिवदेन दिया जाएगा।
-पीडी जाडे, माइनिंग सर्वेयर
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें