पहरिया. ग्राम पंचायत नवगवां के उपसरपंच ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर एसडीओ और इंजीनियर पर संगीन आरोप लगाए हैं। उपसरपंच का आरोप है कि उनके गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत चार लाख पचास हजार रुपए को दोनों अफसरों में डकार दिए हैं। इस वजह से गांव में अब तक सीसी रोड का निर्माण नहीं हो सका है। उपसरपंच की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं।
![]() |
| सीसी रोड के लिए चिन्हांकित स्थल |
जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नवगवां में अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। करीब 18 माह पहले इस गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए चार लाख पचास हजार रुपए की स्वीकृति मिली थी, लेकिन सीसी रोड का निर्माण अब तक नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा हो रही है। राशि स्वीकृत होने के बावजूद गांव में सीसी रोड निर्माण नहीं होने के पीछे का जो कारण गांव के उपसरपंच संजय कुमार साहू ने बताया है, वह चौकानें वाला है। नवगवां के उपसरपंच संजय कुमार साहू का आरोप है कि गांव के तालाब पार में स्थित खेमलाल के घर से ठाकुरदिया तक सीसी रोड के निर्माण के लिए करीब 18 माह पहले चार लाख पचास हजार रुपए स्वीकृत हुआ था, इसके बावजूद एसडीओ अशोक देवांगन तथा इंजीनियर ने सीसी रोड निर्माण शुरू नहीं करवाया।
बलौदा स्थित जनपद कार्यालय से जानकारी लेने पर पता चला है कि एसडीओ और इंजीनियर ने सीसी रोड निर्माण कार्य को पूर्ण बताकर स्वीकृत राशि चार लाख पचास हजार रुपए हजम कर दी है। उपसरपंच साहू का यह भी आरोप है कि एसडीओ और इंजीनियर से इस संबंध में जानकारी लेने पर वे गोलमोल जवाब देकर बात को टाल देते हैं। उपसरपंच साहू ने बताया कि एसडीओ की कार्यप्रणाली से उन्हें शंका ही नहीं, पूर्ण विश्वास है कि स्वीकृत राशि उन्होंने इंजीनियर के साथ मिलकर डकार दी है। उपसरपंच साहू ने इस मामले की लिखित शिकायत बीते सात जून को कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन से की है। कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने उपसरपंच साहू की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जांच के आदेश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें