गुरुवार, 15 जून 2017

नपा सीएमओ चला रहीं अपना कायदा-कानून! विविध मद के रसीद बुक से करवा रही अवैध वसूली, चांपा के पीआईएल रोड में वाहन चालकों से लूटखसोट

नवीन कदम@चांपा. नगरपालिका परिषद चांपा में पदस्थ महिला मुख्य नगरपालिका अधिकारी, सरकारी नियम-कायदों को ताक पर रखकर पालिका क्षेत्र में अपना कायदा-कानून चला रही हैं। सीएमओ के संरक्षण में चांपा के पीआईएल रोड में वाहन चालकों से नपा के विविध रसीद बुक से खुलेआम अवैध वसूली का खेल चल रहा है। नगर के कुछ दबंग लोग यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से डंडे के बल पर लूटखसोट कर रहे हैं। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग ने नगरीय निकायों में कामकाज के व्यवस्थित संचालन के लिए कायदे-कानून बना रखे हैं, जिसके दायरे में रहकर ही पालिका क्षेत्र में कामकाज कराया जाना है, लेकिन नगरपालिका परिषद चांपा में पदस्थ महिला मुख्य नगरपालिका अधिकारी, शासन के नियम-कायदों को धता बताकर अपने हिसाब से काम करवा रही हैं।

‘दैनिक नवीन कदम’ को मिली जानकारी के अनुसार, चांपा के पीआईएल रोड में पिछले डेढ़-दो माह से नपा सीएमओ के संरक्षण में वाहन चालकों से अवैध उगाही का खेल चल रहा है। नगर के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग यहां कैम्प लगाकर चारपहिया वाहनों से लूटखसोट कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस काले कारोबार को सफेद साबित करने के लिए नपा की रसीद बुक का उपयोग किया जा रहा है। इस मार्ग से सुबह से रात तक जो भी वाहन गुजरते हैं, उनके चालक से 30 से 40 रुपए वसूल किया जा रहा है। वसूली गई राशि के एवज में वाहन चालकों को नपा के विविध मद की बकायदा रसीद काटकर थमाई जा रही है। नपा सीएमओ के संरक्षण में वाहन चालकों से राशि वसूल रहे दबंगों द्वारा इस अवैध कारोबार को अस्थायी दखल के नाम पर शुल्क वसूली का नाम दिया गया है, जबकि नगरपालिका अधिनियम के तहत अस्थायी दखल के नाम पर शुल्क उन व्यवसायियों से वसूल की जानी है, जो नगरपालिका क्षेत्र में अस्थायी गुमटी या ठेले लगाते हैं। मगर यहां सबकुछ नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। क्षेत्र के कुछ वाहन चालकों ने बताया कि कैंप में वसूल की गई राशि के एवज में उन्हें जो रसीद दी जा रही है, उसमें विविध रसीद अंकित है तथा नगरपालिका परिषद चांपा की सील लगी हुई है। रसीद बुक से काटी जा रही रसीद में राजस्व निरीक्षक के हस्ताक्षर के स्थान पर कैंप में बैठे दबंग लोग अपना हस्ताक्षर कर रहे हैं। इससे स्वमेव स्पष्ट हो रहा है कि चांपा के पीआईएल रोड में अवैध वसूली का खेल चल रहा है। बताया जाता है कि पीआईएल रोड में चल रही इस अवैध उगाही की खबर स्थानीय प्रशासनिक अफसरों को है, लेकिन वे अंजान बने हुए हैं, जिसका फायदा दबंगों द्वारा उठाया जा रहा है।
 

नपा सीएमओ ने किया गुमराह

चांपा के पीआईएल रोड में कुछ दबंगों द्वारा नगरपालिका परिषद के विविध मद के बिल बुक के जरिए वाहन चालकों से अवैध वसूली किए जाने की जानकारी मिलने पर ‘दैनिक नवीन कदम’ रिपोर्टर ने जब नपा सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो से मोबाइल पर चर्चा की, तब पहले तो उन्होंने सबकुछ नियमों के तहत होने की बात कही। मगर इस वसूली के संबंध में जब उनसे पीआईसी में पारित प्रस्ताव की तिथि आदि के संबंध में जानकारी ली गई तो वे गुमराह करने लगी। बातचीत के दौरान सीएमओ टोप्पो को ऐसा लगा कि वे सवालों से घिर रही हैं तो उन्होंने इस संबंध में लिखित में आवेदन प्रस्तुत कर जानकारी मांगने की बात कही।
 

अपनों को कर रहे उपकृत

बताया जा रहा है कि अवैध वसूली का यह खेल अपनों को उपकृत करने के लिए खेला जा रहा है। ‘दैनिक नवीन कदम’ को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक, चांपा के पीआईएल रोड में वाहन चालकों से अवैध वसूली करने वाले लोग नपा सीएमओ टोप्पो और अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के खास हैं। संबंधितों को नपा में काम का ठेका किन्हीं कारणों से नहीं मिल पाया, इस वजह से उन्हें अवैध वसूली की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, ताकि वे स्वयं कमाएं तथा नपा सीएमओ और अध्यक्ष को भी आर्थिक लाभ पहुंचाएं। यही वजह है कि कैंप में रहकर पूरे दिन वाहन चालकों से अवैध उगाही करने वाले लोग कमाई का कुछ हिस्सा सीएमओ और अध्यक्ष को भी पहुंचा रहे हैं।
 

जांच के बाद होगी कार्यवाही

चांपा के पीआईएल रोड में नगरपालिका परिषद के विविध मद के रसीद बुक से वाहन चालकों से राशि वसूले जाने के मामले की जांच करवाई जाएगी। एसडीएम को मामले की जांच के लिए निर्देशित किया जाएगा। जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

-डीके सिंह, अपर कलेक्टर, जांजगीर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें