मंगलवार, 13 जून 2017

विद्युत विभाग की कार्यवाही से बचाने परसदाखुर्द के सरपंच ने ऐंठ लिए 25 हजार, ठगी की शिकार हुई महिला ने थाने में की शिकायत

सक्ती. ग्राम परसदाखुर्द के सरंपच ने गांव की ही एक महिला को विद्युत विभाग की कार्यवाही से बचाने का झांसा देकर 25 हजार रुपए ऐंठ लिए। सरपंच ने उस महिला को अब तक कोई रसीद नहीं दी है और न ही रुपए लौटाए हैं। सरपंच की जालसाजी की शिकार हुई महिला ने थक-हारकर मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम परसदाखुर्द निवासी भूरीबाई पति पीलादास महंत से ग्राम पंचायत के सरपंच सत्यप्रकाश महंत द्वारा विद्युत विभाग की कार्यवाही से बचाने के नाम पर पच्चीस हजार रुपए वसूला गया है।

सरपंच द्वारा उक्त राशि विद्युत विभाग में जमा कराकर उसकी रसीद महिला को देने की बात कही गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी सरपंच ने महिला को विद्युत विभाग से जारी किसी भी प्रकार की रसीद नहीं दी और न ही राशि को लौटाया, जिसकी शिकायत महिला द्वारा शपथ पत्र के साथ आरक्षी केन्द्र में दर्ज कराते हुए रुपए वापस दिलाने एवं सरपंच पर कार्यवाही की मांग की गई है।  ज्ञात हो कि विगत दिनों भूरी बाई के आंगन में लगे विद्युत पोल के पास लगा कौवहा पेड़ आंधी-तूफान में टूटकर विद्युत तार पर गिर गया था, जिसे महिला एवं उसके परिवार के लोग हटा रहे थे, तभी सरपंच सत्यप्रकाश वहां जा पहुंचा और उसे विद्युत विभाग की कार्यवाही का डर दिखाकर 25 हजार रुपए की मांग की, जबकि महिला का पति स्वयं ग्राम का कोटवार है, लेकिन शासकीय परेशानियों से बचने एवं जानकारी के अभाव में उनके द्वारा जुगाडु कर सरपंच को 25 हजार रुपए दे दिया गया। उक्त राशि को सरपंच सत्यप्रकाश ने यह कहकर लिया था कि राशि विद्युत विभाग में जमा कराकर उनके विरूद्ध होने वाली कार्यवाही रूकवाकर उन्हें बचायेगा और राशि को विद्युत विभाग में जमा कराकर राशि की पावती लाकर देगा। 

महिला द्वारा रसीद मांगने पर सरपंच द्वारा घुमाया जा रहा है, जिससे महिला को संदेह है कि सरपंच द्वारा विद्युत विभाग द्वारा कार्यवाही से बचाने के नाम पर उक्त राशि स्वयं हजम कर ली गई है।  इसी आशंका को लेकर महिला द्वारा 12 जून को शपथ पत्र के साथ आरक्षी केन्द्र में सरपंच के विरूद्ध शिकायत दर्ज कराकर कार्यवाही की मांग करते हुए राशि वापस दिलवाने का आग्रह किया गया है। इस संबंध में नगर निरीक्षक केएल यादव ने बताया कि परसदाखुर्द निवासी महिला भूरी बाई की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच कर संबंधित पर कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें