जांजगीर-चांपा. कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने मंगलवार को जैजैपुर और मालखरौदा तहसील तथा कई पटवारी हल्कों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने जैजैपुर के ग्राम तुषार और मालखरौदा के ग्राम रनपोटा में पटवारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तुषार और रनपोटा के पटवारी को निलंबित करने के निर्देश सक्ती एसडीएम इंद्रजीत बर्मन को दिए हैं।
कलेक्टर जैजैपुर के ग्राम बेलादुला, मालखरौदा के छपोरा और पिहरीद भी पहुंचे, जहां कार्य स्थल में पटवारी उपस्थित मिले। कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने जैजैपुर तहसील में निरीक्षण के दौरान 22 प्रकरण अपंजीकृत पाए जाने पर रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश एसडीएम को दिए हैं। वहां उन्होंने राजस्व प्रकरणों की भी जांच की और भुईयां कार्यक्रम का अवलोकन किया। कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने जिन पटवारियों द्वारा आधार सीडिंग का कार्य 50 प्रतिशत से कम किया गया है, उनका एक-एक इंक्रीमेन्ट रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यह निर्देश सक्ती डिवीजन के सभी पटवारियों पर लागू होगा। कलेक्टर ने मालखरौदा तहसील का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मालखरौदा तहसीलदार द्वारा कलेक्टर को भेजी जाने वाली मासिक जानकारी की जांच की गई। मासिक जानकारी में कई गलतियां पाए जाने पर कलेक्टर ने रीडरचौहान को वहां से तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
उपचुनाव की तैयारियों का लिया जायजा
कलेक्टर ने मंगलवार को जैजैपुर नगर पंचायत उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जैजैपुर में स्ट्रांग रूम और संवेदनशील सात मतदान केन्द्रों का अवलोकन किया। इस दौरान वे जैजैपुर के कन्या हाई स्कूल में चल रहे मतदान प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी पहुंचे। वहां उन्होंने अधिकारियों को चुनाव संबंधी निर्देश दिए। उनके साथ पुलिस अधीक्षक अजय यादव, अपर कलेक्टर डीके सिंह, सुखनाथ अहिरवार और सक्ती एसडीएम इंद्रजीत बर्मन उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें