शनिवार, 17 जून 2017

अस्थायी दखल वसूली मामले में कलेक्टर ने लिया संज्ञान, ‘दैनिक नवीन कदम’ लगातार प्रमुखता से उठा रहा अवैध वसूली का मुद्दा

चांपा. पीआईएल रोड में अस्थायी दखल के नाम पर चारपहिया वाहन चालकों से खुलेआम चल रही लूट-खसोट के मामले में कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने संज्ञान लिया है। ‘दैनिक नवीन कदम’ द्वारा इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाए जाने के बाद कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने इस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश चांपा एसडीएम को दिए हैं। 

उल्लेखनीय है कि नगरपालिका परिषद चांपा क्षेत्र के अंतर्गत पीआईएल रोड में पिछले कुछ माह से कैम्प लगाकर अस्थायी दखल के नाम पर अवैध वसूली का खेल चल रहा है। कैम्प में मौजूद लोग यहां से गुजरने वाले चारपहिया वाहनों को रोककर उनसे 30 से 40 रुपए वसूलते हैं। वसूली गई राशि के एवज में वाहन चालकों को नगरपालिका परिषद के विविध मद की बकायदा रसीद काटकर थमाई जा रही है। वाहन चालकों से राशि वसूल रहे लोगों द्वारा इसे अस्थायी दखल के नाम पर शुल्क वसूली का नाम दिया गया है, जबकि नगरपालिका अधिनियम के तहत अस्थायी दखल के नाम पर शुल्क उन व्यवसायियों से वसूल की जानी है, जो नगरपालिका क्षेत्र में अस्थायी गुमटी या ठेले लगाते हैं। मगर यहां सबकुछ नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। इस मुद्दे को ‘दैनिक नवीन कदम’ द्वारा लगातार प्रमुखता से उठाया जा रहा है, जिस पर कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस मामले की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश चांपा एसडीएम को दिए हैं। वहीं सूत्रों से पता चला है कि नगरपालिका परिषद चांपा की सीएमओ को इस अवैध काम को जल्द से जल्द बंद करवाने का अल्टीमेटम भी जिला प्रशासन से मिला है। यही वजह है कि नपा सीएमओ अस्थायी दखल वसूली ठेके को चालू माह के अंत तक निरस्त कर नए सिरे से ठेका करवाने की तैयारी कर रही हैं।
 

सीएमओ बोलीं-शिकायत तो मिली है

चांपा के पीआईएल रोड में चारपहिया वाहन चालकों से की जा रही अवैध वसूली के संबंध में चार दिन पहले जब नपा सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो से मोबाइल पर चर्चा की गई तो उन्होंने सबकुछ नियमों के तहत होने की बात कही थी, लेकिन गुरूवार को जब उनसे इस संबंध में फिर जानकारी ली गई, तब उन्होंने कैम्प में निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली की शिकायत मिलने की बात स्वीकार की। सीएमओ ने कहा कि ठेके के शुरूआती दिनों में निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत मिली थी, जिस पर ठेकेदार को नपा बुलवाकर डांट-फटकार लगाई गई थी। सीएमओ ने बताया कि जिन लोगों द्वारा अवैध वसूली करने की शिकायत मिली थी, उन्हें काम से निकालने के लिए ठेकेदार को कहा गया था। हाल ही में निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली किए जाने की फिर शिकायत मिली है, जिसकी जांच कराकर उचित कार्यवाही की जाएगी।
 

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ सौंपेगी ज्ञापन

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ इस मामले को लेकर जल्द जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने वाली है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री इब्राहिम मेमन ने बताया कि इस मामले के संबंध में उन्होंने कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन से चर्चा की है। कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने मामले की जांच करवाकर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को यदि अस्थायी दखल के नाम पर शुल्क वसूल करने का ठेका मिला है तो उन्हें नियमों के तहत राशि वसूलनी चाहिए। चारपहिया वाहन चालकों से अवैध वसूली करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस मामले में यदि शीघ्र उचित कार्यवाही नहीं करता है तो आगामी दिनों में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ द्वारा जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें