सक्ती. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा गुरूवार 16 जून को स्थानीय जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के सामने विगत् दिनों किसान आन्दोलन के दौरान मध्यप्रदेश में पुलिस की गोली से मारे गए किसानों के प्रति शासन की नीतियों के विरोध सहित छग में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने एवं 300 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य धान खरीदी पर बोनस दिए जाने की मांग सहित अन्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के बाद उनके द्वारा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञात हो कि अपनी मांगो को लेकर विगत दिनों मध्यप्रदेश के मन्दसौर में आन्दोलन के उग्र होने के बाद पुलिस कार्यवाही में 6 किसानों की मौत हो गई थी, जिसका व्यापक असर पूरे मध्यप्रदेश में पड़ा हैं। इसी कड़ी में 16 जून को भाकपा द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित कर किसानों के समर्थन में अपनी सहभागिता दिखाते हुए छग में किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने एवं राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किए जाने पर अपने वादे अनुसार 300 रुपए प्रति क्विंटल बोनस राशि प्रदान करने की मांग की गई। धरना-प्रदर्शन में कामरेड अनिल शर्मा सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के किसान एवं मजदूर बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें