सोमवार, 12 जून 2017

ये Lady police officer रुकवाती हैं नाबालिग लड़कियों की शादी, मुलमुला थाना क्षेत्र समेत पूरे जिले में बन चुकी है खास पहचान

जांजगीर-चांपा. मुलमुला थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला की सजगता फिर एक नाबालिग लडक़ी की शादी टल गई। प्रशिक्षु डीएसपी ने अपने थाना क्षेत्र में अब तक सात नाबालिग लड़कियों की शादी रूकवाई है। "नवीन कदम" को मिली जानकारी के अनुसार, मुलमुला थाने में 12 जून को सूचना मिली कि ग्राम कोनारगढ़ में एक नाबालिग लडक़ी की शादी 14 जून से शुरू होने वाली है। इस सूचना को प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला ने गंभीरता से लिया और तत्काल इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों समेत महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों को दी।

उच्चाधिकारियों से दिशा-निर्देश प्राप्त कर वे अपनी टीम के साथ ग्राम कोनारगढ़ पहुंची। वहां के अमृत यादव की नाबालिग पुत्री की शादी 14 जून से शुरू होने वाली थी। पूछताछ में पता चला कि जिस लडक़ी की शादी होने वाली है, उसकी उम्र वर्तमान में 14 वर्ष 11 माह है। लडक़ी को बुलाकर पूछताछ करने पर पता चला कि वह अभी बालिग नहीं हुई है। 

मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक द्वारा लडक़ी के परिजनों को समझाइश दी गई। उन्हें समझाया गया कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई के साथ ही कानूनन अपराध है। इस दौरान लडक़ी को पढ़ाई-लिखाई करने की समझाइश दी गई। डीएसपी की समझाइश पर परिजनों ने शादी टाल दी। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित ने मुलमुला थाना क्षेत्र में अब तक सात नाबालिग लड़कियों की शादी रूकवाई है, जिसे लेकर वे पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं। आलम यह है कि मुलमुला थाना क्षेत्र समेत पूरे जिले में अब उनकी खास पहचान बन चुकी है। वहीं उनकी सजगता को लेकर पुलिस महकमा भी गर्व महसूस कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें