शिवरीनारायण. भगवान शिवरीनारायण की पावनधरा में प्रति माह आयोजित होने वाले मानस प्रवचन के तीन वर्ष पूर्ण होने पर पच्चीस मानस प्रवचनकर्ताओं को नारियल, शाल, चादर, पुष्पमाला प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से राजेश्री महंत रामसुंदर दास महराज व महंत परमानंद दास महराज लछनपुर (बलौदाबाजार) उपस्थित थे। विदित हो कि मठ मंदिर शिवरीनारायण में विगत तीन वर्षों से प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को रामचरित मानस पर आधारित मानस प्रवचन का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के मानस प्रवक्ता बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। इसमें महिलाएं भी मानस प्रवचन के लिए आती हैं।
इस कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था नगर सेठ निरंजन लाल अग्रवाल करते हैं व देखरेख मुख्तियार सुखराम दास, त्यागी महराज एवं मठ मंदिर के समस्त अधिकारी-कर्मचारी करते हैं। 11 जून रविवार को इसका तीसरा वर्षगांठ पूरा हुआ। इस अवसर पर 25 मानस प्रवक्ताओं का सम्मान किया गया। अपने उद्बोधन में मुख्य अभ्यागत राजेश्री महंत ने कहा कि शिवरीनारायण क्षेत्र में मानस मर्मज्ञों, विद्वानों की कमी नहीं है। उन्हें केवल उचित मंच की आवश्यकता है, जो यहां निरंतर उपलब्ध हो रहा है। मुझे यह देखकर प्रसन्नता हो रही है कि इसमें जांजगीर-चांपा जिले के साथ-साथ बलौदाबाजार जिले से भी मानस मर्मज्ञ उपस्थित होते हंै। आने वाले समय में इसका और विस्तार होगा और लोगों को अपनी प्रतिभा को उभारने निखारने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर निरंजन लाल अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन ने अपना तीन वर्ष पूर्ण कर लिया है, इसकी निरंतरता बनी रहे। भगवान शिवरीनारायण आप सबकी मनोकामना पूर्ण करें, यही मेरी शुभकामना है। आयोजन को योगेश शर्मा सहित अनेक मानस मर्मज्ञों ने भी संबोधित किया। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक संचालित होता है। कार्यक्रम में दिनेश गोस्वामी, वैष्णवजी, गंगाराम केंवट, भगतराम साहू, अंतराम, रंगनाथ यादव, कोमल साहू, भीमराम, रामकुमारी साहू, पुनीता साहू, सीताराम, सुखेनदास, निर्मल दास वैष्णव, दिलीप साहू, मोहनलाल सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें