जांजगीर-चांपा. सावन के पहले सोमवार होने के कारण 10 जुलाई को जिलेभर के शिवालयों में जल चढ़ाने वालों की भीड़ उमड़ेगी। विभिन्न स्थानों से जल भरकर कांवरिए तथा श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे, इस दौरान उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन ने उठाई है। जिले में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने इस बार अनूठी पहल करते हुए शिवालय क्षेत्रों को एक्सीडेंट फ्री जोन बनाने की कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत सावन के पहले सोमवार को जल भरने से लेकर जल चढ़ाने तक पूरे क्षेत्र में भारी वाहनों का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई से सावन की शुरूआत हो रही है। सावन माह में कुल पांच सोमवार पड़ रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार सावन का आगाज सोमवार से ही हो रहा है, जिसे लेकर शिवभक्त काफी उत्साहित हैं। जिले के बाहर तथा दीगर राज्यों में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालु शनिवार से ही वहां के लिए रवाना होने लगे हैं, जबकि स्थानीय शिवालयों में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं ने भी पूरी तैयारियां कर ली है। सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमडऩे वाली भीड़ को लेकर पुलिस महकमा पहले से ही सजग है। वहीं इस बार जल भरने से लेकर जल चढ़ाने तक के मार्गों में भी श्रद्धालुओं को पूरी सुरक्षा व्यवस्था देने की कार्ययोजना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बनाई गई है।
एएसपी चंद्रा ने बताया कि सावन सोमवार के अवसर पर लोग बड़ी संख्या में जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में पहुंचते हैं, जिससे भगदड़ की स्थिति तो निर्मित होती ही है, वहीं जल भरकर मंदिर तक पहुंचने के मार्ग में भारी वाहनों के आवागमन से अक्सर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए जिले के सभी अनुविभाग के पुलिस अधिकारियों से रूट चार्ट तैयार करवाया गया है। चार्ट में संबंधित क्षेत्र के शिव मंदिर, वहां से गुजरे मार्ग, जलाभिषेक के लिए जल भरने वाले नदी-तालाब का स्थान तथा मंदिर से दूरी, अुनमानित भीड़ आदि का उल्लेख है। उसी चार्ट के हिसाब से इस दिन पूरे समय तक संंबंधित क्षेत्रों में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखकर एक्सीडेंट फ्री जोन बनाने की कोशिश की जा रही है। एएसपी चंद्रा ने बताया कि ऐसी कार्ययोजना पहली बार तैयार की गई है, जिसमें जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना व चौकी प्रभारियों से विशेष सहयोग लिया जा रहा है। इस कार्ययोजना की सफलता को लेकर पूरा अमला जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि चार्ट की मूल कापी उनके पास होगी, जिसके हिसाब से वे पूरे जिले की व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। कहीं कोई दिक्कत आती है तो संबंधित क्षेत्र के एसडीओपी तथा थानेदार को तत्काल उस समस्या के समाधान के लिए निर्देशित किया जाएगा।
मंदिरवार बना रूट चार्ट
एएसपी चंद्रा के कुशल मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पहली बार मंदिरवार रूट चार्ट बनाया गया है, जिसके हिसाब से न केवल मार्गों में यातायात व्यवस्था के लिए जवान तैनात किए जा रहे हैं, बल्कि जल भरने से लेकर मंदिर तक पुलिस बल लगाकर लोगों को सुरक्षा प्रदान करने की पूरी कवायद की जा रही है, ताकि कहीं भी कोई घटना-दुर्घटना न हो। इस पूरी कवायद को इसलिए किया जा रहा है, ताकि सावन सोमवार के अवसर पर संबंधित क्षेत्र एक्सीडेंट फ्री जोन बन सके।
हुड़दंगियों पर पैनी नजर
सावन सोमवार के अवसर पर पुरूषों के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए पहुंचती हैं। इस दौरान हुड़दंगी उत्पात मचाकर महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, भीड़-भाड़ का लाभ उठाते हुए हुड़दंगी तथा शातिर बदमाश महिलाओं से छेड़छाड़ के अलावा उनके शरीर से सोने-चांदी के जेवर छीनकर फरार हो जाते हैं। ऐसे शातिर बदमाशों पर भी इस बार पुलिस की पैनी नजर रहेगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें