चांपा. बाराद्वार के रेलवे यार्ड में खड़ी मालगाड़ी से कुछ लोग शक्कर की बारी चुरा रहे थे। पिकअप में 13 बोरी शक्कर लोड भी कर लिया था, लेकिन ऐनवक्त पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ को आते देख अन्य दो लोग भाग निकले, जबकि एक आरोपी पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाराद्वार के रेलवे यार्ड में विभिन्न सामग्रियों से लदी मालगाड़ी रूकती है। बुधवार को भी एक मालगाड़ी यहां रूकी हुई थी, जिसमें शक्कर की बोरियां भरी थी। इसकी जानकारी बाराद्वार के तीन युवकों को मिल गई और उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर मालगाड़ी के दरवाजे में लगी सील को तोडऩे के बाद उसमें रखी शक्कर की बोरियों को उतारना शुरू कर दिया। मालगाड़ी से शक्कर की बोरियों को उतारने के बाद उन बोरियों को पिकअप नम्बर सीजी 12 एएल 3716 में लोड किया जा रहा था।
इसकी सूचना आरपीएफ टीम को मिल गई। आरपीएफ टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन टीम को आता देख वहां से दो चोर भाग निकले। फिर भी टीम ने एक युवक को पिकअप के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना परिचय बाराद्वार निवासी किशन दास महंत पिता रत्थुदास महंत के रूप में दिया। आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर पिकअप तथा उसमें भरी 13 बोरी शक्कर को अपनी अभिरक्षा में लिया है। टीआई एसके पांडेय का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें