शुक्रवार, 7 जुलाई 2017

शैक्षणिक जिला सक्ती में साइकिल खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ने की जांच और उचित कार्यवाही की मांग

जांजगीर-चांपा. सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल खरीदी में दोहरे मापदंड का आरोप कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मंजू सिंह ने लगाया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से इस मामले की जांच कराकर उचित कार्यवाही की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढऩे वाली कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत नि:शुल्क साइकिल वितरण किया जाता है। यह योजना विगत वर्षों से लागू है।

कांग्रेस पार्टी को प्राप्त जानकारी के अनुसार शैक्षणिक जिला सक्ती में लगभग एक करोड़ पच्चहत्तर लाख की साइकिल की खरीदी की जानी है। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सिंह ने आरोप लगााया है कि ऐसी ही साइकिल शैक्षणिक जिला जांजगीर में एवन, एटलस जैसी कंपनियों से खरीदी की जा रही है, जबकि शैक्षणिक जिला सक्ती में यही साइकिल अन्य कंपनी से खरीदा जा रहा है। एक ही प्रशासनिक जिला के अंतर्गत आने वाले शैक्षणिक जिला जांजगीर व शैक्षणिक जिला सक्ती में अलग-अलग कंपनी से साइकिल खरीदी करना समझ से परे व संदेह को जन्म देता है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिंह ने कहा कि पूरे देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं योजना चल रही हो तो एक ही प्रशासनिक जिले में अलग-अलग कंपनियों की साइकिल प्रदान करना लाभार्थी छात्राओं के साथ घोर अन्याय है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें