भाजपा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भाजपा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 11 मार्च 2017

जब बजने लगा नगाड़ा तो भाजपाईयों ने लगाए ठुमके

उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों में मिली जीत पर मना जश्न

जिला भाजपा कार्यालय में रंग-गुलाल उड़ाकर किया खुशी का इजहार

नवीन कदम@जांजगीर-चांपा. जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार की दोपहर जब नगाड़ा बजने लगा तो पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठजन खुद को रोक नहीं सके। नगाड़े की थाप पर वे ठुमके लगाने लगे। इस दौरान जमकर रंग-गुलाल भी उड़ाया गया। वहां का माहौल ऐसा था कि मानो आज ही होली का त्योहार मन रहा है। हर किसी के चेहरे से खुशी साफ झलक रही थी। पार्टीजनों के चेहरे पर छायी मुस्कान स्पष्ट तौर पर बता रही थी कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिनके दम पर भाजपा ने एक नया मुकाम तय किया है।

दरअसल, शनिवार को उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में हुए चुनाव के नतीजे आने थे, जिसे लेकर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था। यही वजह थी कि इसी दिन जिला भाजपा कार्यालय में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। यह आयोजन दोपहर तीन बजे के बाद तब रंगीन हो गया, जब उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में भाजपा के ऐतिहासिक जीत की खबर सामने आई। इस खबर से भाजपाई खुशी के जश्र में डूब गए। भाजपा कार्यालय परिसर में जब नगाड़ा बजने लगा, तब भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मेधाराम साहू सहित अन्य सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाजपा की टोपी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुखौटा लगाकर ठुमके लगाने लगे। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे पर जमकर रंग-गुलाल लगाया, जिससे माहौल पूरी तरह से मोदीमय हो गया। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपाईयों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष मेधाराम साहू ने कहा कि भारत देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने यूपी में भाजपा की जीत सुनिश्चित की है। आज पूरा देश एक बार फिर से मोदीमय हो गया है। यह जीत ऐतिहासिक है, जिसने साबित किया है कि अब देश के लोग जागरूक हो गए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों के नतीजे ने होली का उमंग दोगुना किया है।  उत्तरप्रदेश के परिणाम ने यह साबित किया है कि मतदाता अब जागरूक हो गए हैं। भाजपा महामंत्री अमर सुल्तानिया ने कहा कि यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों की जीत है। कार्यक्रम को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरा भाजपा नेता ब्यास नारायण कश्यप, मणिकांत अग्रवाल, प्रदीप सोनी, विकास शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शुक्रवार, 10 मार्च 2017

OMG! आजीवन सहयोग निधि जुटाने खड़ा हुआ संकट

52 लाख का लक्ष्य, सात लाख की वसूली

भाजपा ने सभी मंडल अध्यक्षों को दिया है राशि जुटाने लक्ष्य

जांजगीर-चांपा. केन्द्र तथा राज्य में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्षों के समक्ष आजीवन सहयोग निधि जुटाने का संकट खड़ा हो गया है। पार्टी हाईकमान ने जिले के सभी 26 मंडल अध्यक्षों को 52 लाख रुपए एकत्रित करने का लक्ष्य दिया है, जबकि अब तक मात्र सात लाख रुपए एकत्रित हुए हैं। कई मंडलों में आजीवन सहयोग निधि एकत्रित से साफ इंकार किए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में सत्ता पर काबिज पार्टी के समक्ष राशि जुटाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी द्वारा आजीवन सहयोग निधि के रूप में प्रत्येक मण्डल से दो-दो लाख रुपए लेने का निर्देश जिले के संगठन को मिला है। प्रत्येक मण्डल के दो-दो सौ कार्यकर्ताओं को चयनित कर उनसे एक-एक हजार रुपए लिया जाना है। इस तरह 26 मण्डलों से 52 लाख रुपए सहयोग निधि एकत्र किया जाना है। पहले इसके लिए 28 फरवरी की तिथि निर्धारित गई थी, लेकिन यह राशि तय समय में जमा नहीं हो पाई। इसके चलते इसकी तिथि फिर से बढ़ाकर 20 मार्च तक कर दी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अब तक मात्र सात लाख रुपए आजीवन सहयोग निधि प्राप्त हुई है, जबकि अभी पार्टी के सामने पहाड़ सा लक्ष्य खड़ा है। जानकारों के अनुसार पार्टी में खेमेबाजीचरम पर है। इसका असर सहयोग निधि एकत्र करने में पड़ रहा है। हालांकि पार्टी के पदाधिकारी रसीद बुक विलंब से मिलने व अन्य कारण से समय पर राशि जमा नहीं होने की बात कह रहे हैं।