जांजगीर-चांपा. कन्या छात्रावास लवसरा की आधा दर्जन छात्राएं बुधवार को अपनी शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंच गई। छात्राओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कहा कि छात्रावास में कई तरह की समस्याएं हैं। भरपेट भोजन तक नहीं मिलता। छात्रवृत्ति भी नहीं मिली है। घर से रकम लाकर काम चलाना पड़ रहा है, जिससे कई तरह की परेशानी हो रही है।
जिले के सक्ती विकासखंड अंतर्गत ग्राम लवसरा में शासकीय कन्या छात्रावास संचालित है, जहां आसपास के गांवों की छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्राओं को पिछले कुछ दिनों से कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है, जिससे वे परेशान हैं। अधीक्षिका को समस्याओं से अवगत करवाने के बाद भी किसी तरह का समाधान नहीं होने से तंग आकर आधा दर्जन छात्राएं बुधवार को सीधे कलेक्टोरेट पहुंच गई और कलेक्टर से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। छात्राओं ने अपनी समस्या से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा है। छात्राओं ने बताया कि छात्रावास में भोजन के लाले पड़ गए हैं। भरपेट खाना तक नहीं मिलता। छात्रवृत्ति की राशि भी साल भर से प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में घर से रकम लाकर खर्च चलाना पड़ रहा है। छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर मनमानी का आरोप भी लगाया है। बहरहाल, छात्राओं की शिकायत पर जिला प्रशासन ने जल्द उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें