गुरुवार, 13 अप्रैल 2017

आने वाले दिनों में मोबाइल एटीएम के जरिए कार्ड स्वाइप करते और रुपए निकालते नजर आएंगे ग्रामीण व छोटे व्यवसायी

जांजगीर-चांपा. जिले समेत प्रदेश के हाट बाजारों में आने वाले दिनों में मोबाइल एटीएम के जरिए ग्रामीण व छोटे व्यवसायी एटीएम कार्ड स्वाइप करते और रुपए निकालते नजर आएंगे। राज्य शासन ने बैंकों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। ब्लॉक मुख्यालय व बड़े गांव में जिन बैंकों की शाखाएं संचालित की जा रही हैं उनको मोबाइल एटीएम लगाने की जिम्मेदारी दी गई है।


नोटबंदी के बाद दो हजार व 500 के नए नोट को रिजर्व बैंक ने चलन में ला दिया है। समूचे देश के साथ ही प्रदेश और जिले में नए नोटों की किल्लत खत्म हो गई थी। बीते कुछ दिनों से एटीएम ड्राई होने की शिकायतें एक बार फिर मिलने लगी हैं। हालांकि रिजर्व बैंक ने एसबीआई को 100 करोड़ रुपए जारी कर दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि किल्लत काफी हद तक दूर हो जाएगी। नए नोटों के चलन के बाद केंद्र सरकार ने कैशलेस ट्रांजेक्शन को लेकर एक बार फिर मुहिम छेड़ दी है।


शहरी इलाकों के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों की ओर फोकस करना प्रारंभ कर दिया है। केंद्र के निर्देशों का ही असर है कि राज्य शासन ने ग्रामीणों को कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया है। पहले दौर में हाट बाजार में इसकी शुरुआत करने की योजना बनाई है। हाट बाजार में मोबाइल एटीएम लगाई जाएगी। एटीएम लगाने के साथ ही खरीदारी करने आने वाले ग्रामीणों को एटीएम का उपयोग करने समझाइश दी जाएगी। एटीएम का उपयोग किस प्रकार किया जाए, इसके लिए संबंधित बैंक के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेंगे।


आधार व मोबाइल नंबर की होगी सीडिंग

डिजिटल कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए राज्य शासन ने बैंक अकाउंट में आधार और मोबाइल नंबर की सीडिंग करने का निर्देश दिया है। इस कार्य को शत-प्रतिशत करना है। इसके अलावा रूपे कार्ड को एक्टिवेट करने के लिए संबंधित बैंक अफसरों को हिदायत दी गई है।


पंचायतों व निकाय से मदद का फरमान

ग्रामीण क्षेत्रों के बैंक खातेधारकों का आधार और मोबाइल नंबर सीडिंग के लिए बैंकों को ग्राम पंचायतों व शहरी क्षेत्र में इस कार्य के लिए नगरीय निकायों की मदद लेने का निर्देश जारी किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें