जांजगीर-चांपा. कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन मंगलवार को शिक्षक पंचायत और सहायक शिक्षक पंचायत में गणित-अंग्रेजी किट की समझ विकसित करने के लिए यहां डाईट में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लेने गए थे। डॉ. भारतीदासन ने शिक्षकों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान गणित और अंग्रेजी किट के प्रयोग के बारे में जो भी सिखाया जा रहा है, उसे ध्यान पूर्वक सीखें, तभी आप बच्चों को इन विषयों की अच्छी शिक्षा दे पाएंगे।
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को प्रभावी ढंग से अंग्रेजी पढ़ाने के लिए पहले शिक्षक बोलने और लिखने की क्षमता का स्वयं में विकास करें। उन्होंने ने प्रशिक्षण के पहले दिन सिखाए गए विषयों के बारे में शिक्षकों से पूछताछ भी की। कलेक्टर के कहने पर कुछ शिक्षकों ने प्रशिक्षण क्लास में पढ़ और लिखकर दिखाया। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षकों में शैक्षणिक क्षमता के विकास के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो लोग इस प्रशिक्षण में अनुपस्थित हैं, उनका एक दिन का वेतन काटा जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी श्री भास्कर को निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि संपर्क फाउंडेशन द्वारा स्मार्ट क्लासेस के माध्यम से सतत् रूप से पंचायत शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी कड़ी में नवागढ़ विकासखण्ड के शिक्षक पंचायत और सहायक शिक्षक पंचायत के लिए यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। कल 24 अप्रैल से शुरू इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को बताया जा रहा है कि कैसे बच्चों को किट के माध्यम से खेल-खेल में अंग्रेजी और गणित की शिक्षा दी जाए। इस प्रशिक्षण में अभी 65 शिक्षक भाग ले रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें