रविवार, 2 अप्रैल 2017

जानिए, ऐसा क्या हुआ कि कई घरों में नहीं बनी सब्जियां

नवीन कदम@सक्ती. थोक एवं चिल्हर सब्जी व्यवसायी व्यवसाय के लिए जगह की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए है। उनका कहना है कि थोक मार्केट में बाहर से ट्रकों से सब्जी आती है, जिसके लिए पर्याप्त जगह की जरूरत है।

शनिवार को सभी थोक एवं चिल्हर सब्जी व्यवसायी दिन भर महाराजा अग्रसेन काम्पलेक्स के बाहर में टेंट लगाकर बैठे रहे। इस बीच अनुविभागीय अधिकारी व पुलिस द्वारा सब्जी व्यवसाय से मिलकर शांतिपूर्ण हड़ताल करने की बात कही। सब्जी विक्रेता संघ के अध्यक्ष यशवंत साहू ने बताया कि पिछले कई वर्षों से थोक सब्जी व्यवसायियों के लिए जगह की मांग की जा रही है, लेकिन प्रशासन ने अस्थायी मुक्तिधाम के पास सब्जी मार्केट लगाने के लिए जगह दी है। 

संघ द्वारा सब्जी मार्केट के लिए स्थायी जगह की मांग लगातार नगर पालिका एवं राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग को ज्ञापन देकर की जा रही है। शासन को एक लिखित ज्ञापन देकर 31 मार्च तक व्यवस्था नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन नपा व राजस्व विभाग ने इस ओर कोई पहल नहीं की, जिसके चलते आंदोलन करना पड़ रहा है। सब्जी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष साहू ने बताया कि बैठक में मुक्तिधाम के पीछे 1218 खसरा नं. की जमीन पर व्यवसाय के लिए रविवार को निरीक्षण किया जाएगा।

 भटकना पड़ा सब्जी के लिए

सुबह सब्जी के दो मार्केट लगाया जाता है। वार्ड नं. 18 एवं वार्ड 14 में चिल्हर एवं थोक व्यवसायियों, अग्रसेन चौक के पास जो दिनभर सब्जी बेचते थे, उन्होंने भी दुकान नहीं खोली थी। साथ ही शाम को हटरी सब्जी मार्केट में दूरदराज गांव से आने वाले छोटे व्यवसायी ने भी अपनी दुकानें नहीं लगाई, जिससे लोगों को सब्जी के लिए इधर उधर भटकना पड़ा।

एसडीएम ने ली बैठक

सब्जी व्यवसायियों के हड़ताल पर चले जाने पर एसडीएम ने बैठक ली, जिसमें एसडीएम अजय किशोर लकड़ा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, सीएमओ रंजना अग्रवाल, तहसीलदार रजनी छडीमणी, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुन्दर अग्रवाल एवं थोक सब्जी व्यवसायी के अध्यक्ष यशवंत साहू, लखन देवांगन, पूरन देवांगन, शत्रुघन देवांगन, संतोष केंवट, गंगाराम पटेल के अलावा बड़ी संख्या में सब्जी व्यवसायी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें