प्रेसवार्ता के जरिए धर्मान्तरण कराने वालों को दी कड़ी चेतावनी
सक्ती. शहर के स्टेशनपारा में धार्मिक शिविर की आड़ में कुछ इसाई मिशनरी संगठनों द्वारा लोगों को बहला-फुसलाकर एवं प्रलोभन देकर हिन्दू धर्म से इसाई धर्म में परिवर्तन कराए जाने की खबर पर शहर सहित क्षेत्र के हिन्दू संगठनों ने विरोध करते हुए नाराजगी जाहिर की है। स्थानीय विधायक डॉ. खिलावन साहू सहित हिन्दू संगठनों के प्रमुखों ने स्थानीय विश्रामगृह में एक प्रेस वार्ता बुलाकर जबरन धर्मांतरण करवाए जाने की गतिविधियों में शामिल लोगों को सचेत रहने एवं क्षेत्र में ऐसे कार्यो में सलिप्तत लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई है।
दरअसल, नगर के वार्ड क्रमांक 18 में सोमवार की देर शाम पंडाल लगाकर कुछ लोग भजन- कीर्तन कर रहे थे। इस बीच वहां शिवसेना के कार्यकर्ता पहुंच गए और धर्मान्तरण कराने की बात को लेकर हंगामा शुरू कर दिया था। शिवसैनिकों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर सक्ती थाना प्रभारी केएल यादव मौके पर पहुंचे और शिवसेना के कार्यकर्ताओं को समझाइश दी, लेकिन उनकी समझाइश का शिवसैनिकों पर कोई असर नहीं हुआ था। शिवसैनिकों का आरोप था कि यहां भजन-कीर्तन के नाम पर धर्मान्तरण का खेल खेला जा रहा है। भजन-कीर्तन कर रहे लोग हिन्दू देवी-देवताओं को गालियां दे रहे हैं।
मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने भजन-कीर्तन को बंद करवाया। यह मामला काफी तूल पकडऩे लगा है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक डॉ. साहू ने विश्राम गृह में प्रेसवार्ता लेकर धर्मान्तरण के कार्य में लगे लोगों को कड़ी चेतावनी दी है। विधायक डॉ. साहू ने साफ लहजे में कहा है कि भजन-कीर्तन की आड़ में हिन्दुओं पर जबरन इसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने वाले लोग समय रहते सुधर जाएं, अन्यथा ठीक नहीं होगा। विधायक डॉ. साहू ने कहा कि अगर ऐसी शिकायत फिर मिली तो संबंधितों की खैर नहीं रहेगी। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें