रविवार, 2 अप्रैल 2017

बिर्रा-डभराखुर्द मार्ग में अब नहीं खुलेगी शराब दुकान

ग्रामीण दो दिनों से बैठे थे धरने पर, विधायक भी हुए शामिल

 

बिर्रा. डभराखुर्द मार्ग पर प्रस्तावित नवीन शराब दुकान को बंद कराने दो दिनों से धरने पर बैठे ग्राम पंचायत सोनादह, डभराखुर्द व बनडभरा के ग्रामीणों की एकता रंग लाई। रविवार को धरना स्थल पर पहुंचकर प्रशासनिक और आबकारी विभाग के अफसरों ने वहां शराब दुकान नहीं खोले जाने की बात कही है।

उल्लेखनीय है कि डभराखुर्द मार्ग पर प्रस्तावित नवीन शराब दुकान के विरोध में आसपास के ग्रामीण एक अप्रैल को सुबह से धरने पर बैठ गए थे। ग्रामीणों ने शराब दुकान के लिए चयनित स्थल पर ही भोजन बनाकर रात में रामायण पाठ किया। रविवार की सुबह धरना स्थल पर बम्हनीडीह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामराज्य पांडेय अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन दिया। 

सुबह लगभग 11 बजे जैजैपुर विधायक केशव प्रसाद चंद्रा भी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मांग को जायज बताकर किसी भी हालत में शराब दुकान नहीं खुलने देने की बात कहते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया।  विधायक चंद्रा ने तत्काल उच्चाधिकारियों को धरने की जानकारी दी। दोपहर लगभग 2.30 बजे प्रशासन की ओर से आबकारी उपनिरीक्षक एसएन साहू धरना स्थल पर पहुंचे और डभराखुर्द मार्ग में शराब दुकान नहीं खोलने की बात कहकर ग्रामीणों के धरने को समाप्त कराया। इसके बाद सभी ग्रामीण भोजन कर अपने घर रवाना हुए। 

इस दौरान मौके पर उपस्थित विधायक चंद्रा ने ग्रामीणों की एकता की तारिफ  की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामराज पांडेय, जिला सदस्य प्रतिनिधि चंद्रदेव महंत, पूर्व सरपंच बिर्रा मनहरण सोनवानी, ओलेश्वर कौशिक, देवचंद यादव  सहित नशामुक्ति महिला समिति के अध्यक्ष व सचिव ने भी अपना विचार रखा। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र तिवारी ने किया। 

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि सोनादह नारायण चंद्रा, विधानसभा अध्यक्ष रज्जाक खां, गुलाबुद्दीन खां, पवन अजगल्ले, लक्ष्मी कर्ष, जनपद सदस्य जैजैपुर जीआर बर्मन, खगेश्वरदास, रघुनाथदास, शिवनाथ पटेल, सुदामा चंद्रा, महेन्द्र कश्यप, फिरन कुर्रे, विनोद खूंटे, लक्ष्मी चौहान, पितांबर पंकज, पन्नालाल, रमेश पटेल, अमरनाथ केंवट सहित सोनादह, बनडभरा व डभराखुर्द के सैंकडों महिला-पुरूष व बच्चे उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें