रविवार, 2 अप्रैल 2017

दंपति ने की थी ठगी, तीन साल से चल रहे थे फरार, पकड़े गए

जांजगीर-चांपा. धोखाधड़ी के तीन प्रकरणों में तीन साल से फरार चल रहे एक दंपति को जैजैपुर पुलिस ने आखिरकार धर-दबोचा। ये दंपत्ति पिछले तीन सालों से ठिकाने बदल-बदलकर रह रहे थे। 

जैजैपुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर थाना अंतर्गत शारदा चौक जांजगीर निवासी मनहरण चंद्रा पिता शिवप्रसाद चंद्रा और उसकी पत्नी मनोरमा चंद्रा ने मिलकर तीन वर्ष पूर्व 2014 में ठगी की तीन वारदातों को अंजाम दिया था। तीनों मामलों में प्रार्थी की रिपोर्ट पर जांजगीर पुलिस ने इस दंपत्ति के खिलाफ भादवि की धारा 420 एवं 120, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। 

जांजगीर थाने में अपराध दर्ज होने के बाद से दंपति फरार चल रहे थे। विवेचना के बाद तीनों मामलों का चालान जांजगीर पुलिस ने न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी जांजगीर के न्यायालय में पेश किया था। हाल ही में न्यायालय ने तीनों मामलों में संलिप्त दंपति के विरूद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसे तामिली के आदेश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव ने दिए थे। पुलिस को पता चला कि ठग दंपति इन दिनों जैजैपुर क्षेत्र में हैं, तब पुलिस अधीक्षक ने जैजैपुर पुलिस को अलर्ट किया। 

एसपी के निर्देश पर जैजैपुर पुलिस ने रविवार को तय ठिकाने पर दबिश देकर दंपति को गिरफ्तार कर लिया। ठग दंपति को जैजैपुर पुलिस ने जांजगीर पुलिस के सुपुर्द किया है। इस कार्रवाई में जैजैपुर थाने के निरीक्षक दुर्योधन बंजारे, प्रधान आरक्षक यशवंत राठौर, संतोष तिवारी, वारंट सेल के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुरेश पाठक, आरक्षक मनीष राजपूत शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें