शुक्रवार, 7 अप्रैल 2017

मेहंदीपुर के पुजारी करेंगे हनुमान जयंती पर पूजा, पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती की तैयारी जोरों पर

सक्ती. हरेठी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इस वर्ष हनुमान जयंती पर पूजा मेहंदीपुर के पुजारी द्वारिका प्रसाद शास्त्री करेंगे। इनका साथ मंदिर के पुजारी हर नारायण पाण्डेय देंगे। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष हनुमान जयंती का आयोजन भव्यता के साथ किया जाएगा। 

हनुमान जी के दरबार में फूलों से भव्य साज-सज्जा की जाएगी। भक्तों के मंदिर पहुंचने की व्यवस्था भी आयोजन समिति द्वारा की गई है। नगर के कचहरी चौक से मंदिर तक जाने के लिए नि:शुल्क वाहन चलाए जाएंगे। इस संबंध में जुगमन्दर अग्रवाल एवं घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि हनुमान जयंती के दिन सुबह से रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। 

सुबह पूजा पाठ के बाद दोपहर 12 बजे भण्डारे का आयोजन होगा। मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की व्यवस्था जाएगी। मंदिर निर्माणकर्ता जुगमंदर अग्रवाल ने भक्तगणों से कार्यक्रमों के समय का ध्यान रखने का आग्रह किया है। सभी कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार होंगे। ज्ञात हो कि 11 अप्रैल को नगर के हनुमान मंदिरों में जयंती अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 

आसपास के अलावा दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग दर्शन के लिए नगर पहुंचते है। नगर के हटरी स्थित हनुमान मंदिर, थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में भी हनुमान जयंती धूूमधाम से मनाया जाता है। इसके लिए इन मंदिरों में आवश्यक तैयारियां की जा रही है। जयंती के दिन इन मंदिरों में भजन कीर्तन के साथ भजन संध्या का आयोजन होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें