जांजगीर-चांपा. बिलासपुर यूनिवर्सिटी द्वारा गठित उडऩदस्ता की टीम लगातार कॉलेजों का निरीक्षण कर नकल प्रकरण बना रही है। इसके बाद भी परीक्षार्थी नकल से बाज नहीं आ रहे हैं। गुरूवार को टीम ने नकल के चार प्रकरण बनाए हैं। टीम ने इस दिन सात परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इससे पहले बुधवार को आयोजित परीक्षा में उडऩदस्ता ने जाज्वल्यदेव कन्या महाविद्यालय से 64 पेज की नकल सामग्री जब्त कर दो नकल प्रकरण बनाए थे। वहीं टीम ने टीसीएल कॉलेज में 4 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा था।
जिले में ओपन परीक्षा की तरह कॉलेज की परीक्षा में भी खुलेआम नकल चल रही है। नकल रोकने के लिए यूनिवर्सिटी द्वारा गठित उडऩदस्ता की टीम लगातार जिले के विभिन्न कॉलेजों का निरीक्षण रही है। इसके बाद भी परीक्षार्थी नकल करने में पीछे नहीं है। बीयू की उडऩदस्ता टीम ने गुरूवार को जिले के सात परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय कॉलेज डभरा में दो, शासकीय कॉलेज हसौद तथा आरबीकेएल कॉलेज हसौद में नकल के एक-एक प्रकरण दर्ज हुए। इस तरह गुरूवार को चार नकलची पकड़ाए। इस दिन टीम ने कुल 259 किलोमीटर का दौरा किया।
इससे पहले बुधवार को उडऩदस्ता की टीम ने टीसीएल जांजगीर और जाज्वल्यदेव गल्र्स कॉलेज जांजगीर का निरीक्षण किया था, तब कन्या कॉलेज से टीम ने 64 पेज की नकल सामग्री जब्त की थी। उडऩदस्ता की टीम ने यहां दो परीक्षार्थियों को नकल के साथ पकड़ा था। इसी प्रकार टीसीएल जांजगीर में उडऩदस्ता ने 4 परीक्षार्थियों से नकल सामग्री जब्त कर प्रकरण बनाया था। कॉलेज की परीक्षा में अब तक जिले के विभिन्न निजी व शासकीय कॉलेजों में नकल के 50 से अधिक प्रकरण उडऩदस्ता दल द्वारा बनाए जा चुके हैं। इसके बावजूद कॉलेज परीक्षार्थी नकल करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें