शुक्रवार, 14 जुलाई 2017

अब बिजली की शिकायत 1912 पर हो सकेगी दर्ज, पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने जारी किया टोल फ्री नंबर

जांजगीर-चांपा. बारिश के मौसम में बिजली संबंधित शिकायत ज्यादा आती है। ऐसे में अगर आपके घर की बिजली गुल है और समस्या बताने बिजली कंपनी के सब स्टेशन पर फोन कर रहे है, लेकिन वहां कोई आपकी समस्या नहीं सुन रहा है। ऐसी परिस्थिति में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत कर सकते हैं, वह भी छत्तीसगढ़ी मेंं। 

उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने जिले में फ्यूज काल सेंटर की सुविधा नहीं है। इसकी सुविधा देने फंड का अभाव है। इस वजह से उपभोक्ताओं को यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। सिर्फ  सब स्टेशन के माध्यम से समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। ऐसे में समस्या का निराकरण करने 1912 डायल करें। इस नंबर पर ऑनलाइन मानिटरिंग होती है और समस्या का निराकरण जल्द होता है। यह नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है, लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में उपभोक्ता इस सुविधा से अंजान है। आपकी शिकायत कंप्यूटर के जरिए संबंधित सब स्टेशन तक पहुंच जाएगी। संबंधित जेई के माध्यम से कंपनी के कर्मचारी फाल्ट सुधारने पहुंच जाएंगे। सब स्टेशन के अफसरों को शिकायत दूर होने के बाद शिकायत को ऑनलाइन क्लोज करना होगा। शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


हल्की बारिश में बिजली गुल होने की शिकायत

जिले में हल्की बारिश या हवा में बिजली गुल होने की शिकायत आम है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई प्रभावित रहती है। बिजली गुल होने की जानकारी देने, गुल होने का कारण और कब तक आएगी सहित अन्य सवालों के जवाब के लिए काल सेंटर को काल करते है। फोन एंगेज रहता है यहां फिर काल अटेंड नहीं होता। 1912 डायल करने के बाद शिकायत का निपटारा संबंधित सब स्टेशन के अफसरों को करना होगा।


समस्या आने पर आप ऐसे कर सकते हैं शिकायत

बिजली गुल होने की शिकायत के लिए आपने 1912 नंबर दबाया, इसके बाद आपकी बात प्रतिनिधि से होगी। आपसे बिजली बिल में दर्ज बीपी नंबर मांगा जाएगा। याद नहीं रहने पर नाम, पता और संबंधित सब स्टेशन की जानकारी मांगेगा। इतनी जानकारी देने के बाद शिकायत पहुंच जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें