जांजगीर-चांपा. घंटों लाइन लगाकर बिजली बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। कंपनी ने उपभोक्ताओं को कतार में लगने से मुक्ति दिलाने के लिए ई पेमेंट की शुरुआत की है, जिसमें उपभोक्ता घर बैठे आसानी से मंथली बिजली बिल राशि का भुगतान कर सकेंगे।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की सेवाओं में अधिकाधिक लेटेस्ट टेक्नालाजी के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। उपभोक्ता अब नए कनेक्शन, विद्युत देयकों के भुगतान तथा बिजली संबंधी शिकायत निवारण के कार्य घर बैठे आनलाइन कर सकते हैं। इसी तरह उपभोक्ता अपने बीपी नंबर से मोबाइल नंबर को लिंक करके विद्युत विषयक सूचनाओं को यथासमय प्राप्त कर सकते हैं। उपभोक्ताओं की सेवा सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में की गई अभिनव पहल के संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि विद्युत देयकों के भुगतान को और अधिक सरल बनाते हुए डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा वर्तमान में मौजूद सभी ई पेमेंट सुविधाओं के माध्यम से ई पेमेंट करने की पहल की गई है। उपभोक्ता अपने विद्युत देयकों का भुगतान अब उपलब्ध समस्त ई पेमेंट सुविधाओंं जैसे यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पेटीएम, पीओएस मशीन के अलावा विभिन्न वैलेट प्रणाली का उपयोग कर सहजता से कर सकते हैं।
विभिन्न वैलेट प्रणाली के अन्तर्गत फ्रीचार्ज, मोबीक्विक, एअरटेल मनी, जियो मनी, वोडाफोन एम पैसा का उपयोग कर विद्युत देयकों का भुगतान उपभोक्ता कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ता अपने मोबाइल नंबर को अपने बीपी नंबर से लिंक कराकर पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा समय-समय पर जारी सूचनाओं को भी प्राप्त कर सकते हैं। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर बीपी नंबर से लिंक होंगे, उन्हें कंपनी द्वारा दी जाने वाली एसएमएस सेवा के माध्यम से विद्युत देयक, देयक का भुगतान, विद्युत अवरोध आदि की सूचना यथासमय प्राप्त हो जाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें