चांपा. शौच
के लिए खेत की ओर गई एक मासूम दुष्कर्म का शिकार हो गई। रात के अंधेरे का
फायदा उठाते हुए दरिंदे ने उसकी आबरू लूट ली। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस
ने दुष्कर्मी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी की पहचान
नहीं हो सकी है। घटना चांपा थाना अंतर्गत ग्राम कुरदा की है।
चांपा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरदा के सिकलीपारा की एक 14
वर्षीय मासूम रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे शौच के लिए गांव के बाहर
खेत की ओर गई हुई थी। शौच करने के बाद वह अकेली घर लौट रही थी, तभी रात के
अंधेरे का फायदा उठाते हुए किसी दरिंदे ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ
दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान मासूम ने मदद के लिए खूब
चीख-पुकार लगाई, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण उसकी चीख किसी ने भी नहीं
सुनी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी हालत में मासूम को मौके पर
छोडक़र फरार हो गया। रात में अंधेरा होने की वजह से मासूम उस दरिंदे का शक्ल
नहीं देख सकी। कुछ देर बाद वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की
जानकारी दी, लेकिन तब तक काफी रात हो गई थी। इस वजह से परिजन पीडि़ता को
लेकर थाने नहीं पहुंच सके। सोमवार की सुबह परिजन अपने साथ पीडि़ता को लेकर
चांपा थाने पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी दी। घटनाक्रम की पूरी
जानकारी लेने के बाद चांपा पुलिस ने पीडि़ता का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया,
जिससे उसके साथ दुष्कर्म की घटना होने की पुष्टि हुई। मामले में चांपा
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध भादवि की धारा 376 व पास्को एक्ट के तहत
अपराध दर्ज किया है। चांपा पुलिस का कहना है कि पीडि़ता के बयान के आधार पर
क्षेत्र के करीब एक दर्जन संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ
की जा रही है, लेकिन अब तक आरोपी की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना
है कि दुष्कर्मी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें